असम के बाद भूपेश बने बंगाल के स्टार प्रचारक, सोनिया-राहुल के साथ करेंगे प्रचार

रायपुर. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को असम विधानसभा चुनाव के लिए सीनियर आब्जर्वर बनाए जाने के बाद अब पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव के लिए स्टार प्रचारक बनाया गया है। बंगाल के चुनाव में वे कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी के साथ पार्टी के पक्ष में प्रचार करेंगे। खास बात ये है कि असम का दायित्व मिलने के बाद से टीम भूपेश ने वहां जाकर चुनावी अभियान को धार देना शुरू किया है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को जिस तरीके से जीत मिली, वही फार्मूला वहां दोहराने की तैयारी है।
बूथ मैनेजमेंट से लेकर जीत के गुर सिखा रहे
असम में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नेता व कार्यकर्ता कई दिनों से लगातार वहां के कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बूथ मैनेजमेंट सिखा रहे हैं। दरअसल पांच साल के सत्ता से बाहर रहने व राज्य के शीर्ष नेतृत्व के शिथिल होने के बाद से पार्टी वहां काफी कमजोर हो गई है। हालत ये थी कि वहां बूथ स्तर पर भी कार्यकर्ता नहीं मिल रहे थे। अब वहां की 126 सीटों में हर सीट पर करीब 200 बूथों पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया गया है। गठबंधन के बाद बंटवारे में आई 100 सीटों पर छत्तीसगढ़ के दस-दस कार्यकर्ता हर सीट पर तैनात हैं। कुल मिलाकर असम की चुनावी फिजां में छत्तीसगढ़ के रंग घोलने के प्रयास किए जा रहे हैं। जिस तरह 2018 में छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को बंपर जीत मिली, उसी तरीके को अपनाकर असम में कांग्रेस सरकार की वापसी के प्रयास किए जा रहे हैं।
एआईसीसी ने जारी की सूची
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के जनरल सेक्रेटरी केसी वेणुगोपाल के हस्ताक्षर से शुक्रवार को बंगाल चुनाव के लिए कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की सूची जारी की गई है। इस सूची में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का नाम प्रमुखता से शामिल किया गया है। स्टार प्रचारकों में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, एमपी के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ सहित अन्य नेताओं के नाम हैं।
असम में भी डटी टीम भूपेश
कांग्रेस आलाकमान ने कुछ समय पहले ही असम विधानसभा चुनाव के लिए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को सीनियर आब्जर्वर नियुक्त किया है। इसके साथ ही रायपुर के विधायक विकास उपाध्याय को एआईसीसी का सचिव बनाकर असम चुनाव के लिए प्रभारी सचिव नियुक्त किया है। दोनों नियुक्तियों के बाद से छत्तीसगढ़ के कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं के 50 से अधिक दल असम में जाकर वहां के चुनाव अभियान में हिस्सा ले रहे हैं। मुख्यमत्री के राजनीतिक सलाहकार विनोद वर्मा, मीडिया सलाहकार रुचिर गर्ग, संसदीय सलाहकार राजेश तिवारी वहां कई दिनों से डटे हैं। ये सभी टीम भूपेश के रूप में काम कर रहे हैं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS