एग्रेसिव अग्रवाल : कहा- गाय पर राजनीति कर रही सरकार, गोठान के नाम पर भ्रष्टाचार का रास्ता खोल रही, चंदेल का आरोप- झूठ बोलते हैं सीएम

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल और नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने राज्य सरकार पर हमला बोला है। अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस गाय पर राजनीति कर रही है। इसे राजनीतिक मुद्दा बना रही है। मुख्यमंत्री गायों की सेवा के लिए गोठान नहीं बना रहे, यह भ्रष्टाचार का नया रास्ता खोल रहे हैं। कांग्रेस बताए कि कौन से गोठान में गाय हैं। कौन से गोठान में बिजली पैदा हो रही है। मुख्यमंत्री सिर्फ घोषणा कर रहे हैं, बड़े-बड़े विज्ञापन छपवा रहे हैं। सरकार की एक भी योजना जमीन पर नहीं है। जनता को कोई फायदा नहीं मिल रहा है। प्रदेश सरकार बताए कि गोठानों में कितने गाय की मृत्यु हो रही है, सड़कों पर कितने गायों की मृत्यु हो रही है। कांग्रेसी गाय के नाम पर सिर्फ और सिर्फ राजनीति कर रही है।
सुपेबेड़ा में आज तक ग्रामीणों को नहीं मिला शुद्ध पानी : अग्रवाल
बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि रोड शो मेरे क्षेत्र में आता था और इसीलिए बड़े-बड़े बैनर पोस्टर लगना स्वाभविक है। श्री अग्रवाल ने आदिवासियों की मौत के मामले में हो रही राजनीति पर कहा कि सुपेबेड़ा में आदिवासियों की मौत हुई है। सुपेबेड़ा में आज तक ग्रामीणों को शुद्ध पानी नहीं मिला है। सरकार आज तक वहां काम नहीं कर रही है। पीएचई मंत्री वहां नहीं गए हैं। सरकार आदिवासियों की जान नहीं बचा पा रहे, यह सरकार सिर्फ अपना चेहरा चमका रहे हैं। 140 करोड़ का विज्ञापन छपवाकर सिर्फ 111 करोड़ का गोबर खरीद रहे हैं।

सरकार ने गोठान तो बना लिया लेकिन, उपयोग नहीं हो रहा : चंदेल
गाय को लेकर कांग्रेस की ओर से की जा रही बयानबाजी पर नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि सरकार योजनाएं तो ले आ रही है, लेकिन उनके पास बजट नहीं है। मुख्यमंत्री खुद जानते हैं कि पूरे राज्य में गोमाता सड़कों पर है। इस कारण गोमाता एक्सीडेंट की चपेट में आ रहे हैं, उनकी मौत हो रही है, राज्य सरकार को इसकी चिंता नहीं है। सरकार ने गोठान तो बना लिया लेकिन, इसका उपयोग नहीं हो रहा है और गोठानों में चारा, पानी और छांव भी नहीं है, कोई सुरक्षा नहीं है। प्रदेश सरकार बताए कि इसे बनाने का क्या उद्देश्य है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि आज हमने छत्तीसगढ़ प्रभारी डी पुरंदेश्वरी को विदाई दी है। उनका कार्यकाल काफी अच्छा रहा है। अब नए छत्तीसगढ़ प्रभारी ओम माथुर जल्द ही रायपुर आएंगे। वह काफी अनुभवी है, इसका लाभ भी छत्तीसगढ़ भाजपा इकाई को मिलेगा।
नारायण चंदेल का आरोप - हमेशा झूठ बोलते हैं सीएम
नारायण चंदेल ने राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री सदैव झूठ बोलते हैं। जब उनसे बात नहीं बनती है, तो वह गेंद को केंद्र के पाले में डाल देते हैं। मुख्यमंत्री रोज झूठ बोलते हैं और दोष केंद्र के ऊपर डाल देते हैं। मुख्यमंत्री खुद बताएं कि वे सत्ता में है या विपक्ष में है। नेता प्रतिपक्ष ने आदिवासियों की मौत के मामले में कहा कि सरकार के पास सारी एजेंसी है, खुद सच का पता लगा लें।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS