अकलतरा दुष्कर्म मामला : महिलाओं ने निकाली रैली, कहा- प्रदेश में महिलाएं असुरक्षित, 7 जुलाई को भाजपा का प्रदर्शन

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में स्थित अकलतरा में एक अधेड़ महिला के साथ एक निगरानी बदमाश की ओर से की गई दरिंदगी और दुष्कर्म को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है। बुधवार को अकलतरा में महिलाओं ने रैली निकाल कर प्रदर्शन किया और कहा है कि कांग्रेस के 37 माह के शासनकाल के दौरान प्रदेश में 5153 रेप की वारदातें हो चुकी हैं। यहां महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। वहीं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी दोषी को कड़ी सजा देने की बात कही है। वहीं अब इस मामले में भाजपा भी भड़क गई है। भाजपा दोषी को मौत की सजा देने की मांग को लेकर गुरुवार को जिले में प्रदर्शन करेगी।
बता दें कि 2 जुलाई की रात अकलतरा में 55 साल की एक महिला से निर्भया जैसी दरिंदगी की गई। आरोपी ने अधेड़ महिला से पहले दुष्कर्म किया गया, फिर उसके गुप्तांग में तवे का मूठ डाल दिया। उसके गले और छाती को पैरों से रौंद डाला, जिसके कारण महिला की हडि्डयां टूट गईं, फेफड़े फट गए और महिला की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। महिला के बच्चे नहीं थे और उसके पति की मौत हो चुकी थी। अब इस मामले में भाजपा कल जांजगीर-चांपा में प्रदर्शन करेगी।
भाजपा ने कहा- अकलतरा की घटना शर्मसार करने वाली
इस मामले में भाजपा प्रदेश महामंत्री और विधायक नारायण चंदेल ने कहा कि जिस निर्ममता के साथ एक महिला की हत्या की गई है, उसकी तस्वीर ने निर्भया हत्याकांड को फिर ताजा कर दिया। यह घटना शर्मसार करने वाली है, लेकिन प्रदेश के मुख्यमंत्री कोई ठोस कदम नहीं उठाते। इसलिए अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है। विधायक चंदेल ने कहा कि जब से कांग्रेस की सरकार आई है, छत्तीसगढ़ अपराधियों के स्थली का गढ़ बन गया है।
वहीं भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत जांजगीर पहुंची है। उन्होंने जिला कार्यालय में महिला मोर्चा की बैठक ली और घटना की निंदा की। उन्होंने कहा कि मैं दोषी को मृत्युदंड देने की मांग करती हूं। इस मुद्दे को लेकर 7 जुलाई को महिला मोर्चा जांजगीर में उग्र आंदोलन करेगा।

© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS