शराब पीने के दौरान विवाद में सहायक आरक्षक की हत्या : पत्नी के सामने 3 लोग चाकू मारकर भागे

जगदलपुर। बस्तर अंचल के बीजापुर जिले में भैरमगढ़ थाने के सहायक आरक्षक की हत्या कर दी गई है। घटना गुरुवार-शुक्रवार देर रात की है। बताया जा रहा है कि जवान 9 नवंबर से ड्यूटी से अनुपस्थित था। हत्या करने से पहले हत्यारों ने जवान को शराब पिलाई, फिर कुछ देर बाद घर में घुसकर पत्नी के सामने ही चाकू से वार कर मार डाला। घटना भैरमगढ़ थाना क्षेत्र की है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, सहायक आरक्षक सुदरु हेमला भैरमगढ़ के पत्ता गोदाम पारा में अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ रहता था। गुरुवार की शाम कुछ लोगों ने सुदरु को शराब पिलाई थी। इस दौरान उनके और जवान के बीच कुछ विवाद हुआ था। विवाद को बढ़ता देख सुदरु रात में घर आ गया था। उसने विवाद की जानकारी अपनी पत्नी को भी दी थी। उसी रात लगभग 11;30 से 12;30 बजे के बीच तीनों शराबी घर पहुंचे। जिन्होंने सुदरु के साथ घर में फिर से गाली-गलौज की। फिर पत्नी के सामने ही चाकू से सीने में वार कर मार डाला। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी फरार हो गए। वहीं इस घटना की सूचना पत्नी ने आस-पास के लोगों को दी।
पड़ोसियों की सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। भैरमगढ़ SDOP तेरेश साहू ने बताया कि पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है। आपसी विवाद की वजह से हत्या की गई है। जवान की पत्नी हत्यारों को नहीं पहचानती है। फिलहाल कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार किया जाएगा।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS