अवैध शराब पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला : बीच रास्ते में रोक थाना प्रभारी और ASI को डंडे से पीटा, दोनों गंभीर रूप से घायल

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में गुरुवार को अवैध शराब पकड़ने गई पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। बदमाशों ने डंडे से पुलिसवालों पर हमला कर दिया। इससे थाना प्रभारी और ASI घायल हो गए। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला पामगढ़ थाना क्षेत्र का है।
पुलिसवालों पर डंडे से हमला
मिली जानकारी के अनुसार DSP हेडक्वार्टर निकोलस खलखो के नेतृत्व में पामगढ़ थाना प्रभारी ओमप्रकाश कुर्रे, ASI शिव चन्द्रा और 4-5 पुलिसकर्मी सेमरिया गांव के सबरियाडेरा में शराब पकड़ने गए थे। यहां पुलिस ने अवैध शराब के साथ एक महिला को हिरासत में ले लिया और उसे पूछताछ के लिए अपने साथ लेकर आ रहे थे। DSP खलखो टीम के साथ चार पहिया वाहन में आरोपी महिला को लेकर आगे बढ़ गए थे, वहीं थाना प्रभारी कुर्रे, ASI चन्द्रा बाइक से आ रहे थे। इस दौरान आरोपी महिला के परिजनों ने बीच रास्ते में ही थाना प्रभारी और ASI को रोक लिया और डंडे से उन पर जानलेवा हमला कर दिया। इससे थाना प्रभारी और ASI को सिर पर गंभीर चोट आई है। दोनों को पामगढ़ अस्पताल में प्राथमिक चिकित्सा देने के बाद बिलासपुर अपोलो रिफर कर दिया गया।
आरोपियों की संख्या 12 से अधिक
बताया जा रहा है कि आरोपियों की संख्या 12 से ज्यादा थी। वहीं घटना के बाद एडिशनल एसपी अनिल सोनी पुलिस फोर्स के साथ पामगढ़ के सेमरिया गांव पहुंचे हैं। गांव को छावनी में तब्दील कर दिया है। एसपी विजय अग्रवाल ने कहा कि आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। देखिए वीडियो-
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS