Bhanupratappur By Election : झारखंड पुलिस ने बदली रणनीति, भाजपा कार्यकर्ताओं के जमावड़े के बाद भानुप्रतापपुर जाने से परहेज

Bhanupratappur By Election : झारखंड पुलिस ने बदली रणनीति, भाजपा कार्यकर्ताओं के जमावड़े के बाद भानुप्रतापपुर जाने से परहेज
X
भानुप्रतापपुर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी बनाए गए ब्रह्मानंद नेताम को गिरफ्तार करने के लिए झारखंड की पुलिस कांकेर आई हुई है। लेकिन अब तक पुलिस ब्रह्मानंद नेताम तक नहीं पहुंच पाई है। पढ़िए पूरी खबर...

कांकेर-भानुप्रतापपुर। भानुप्रतापपुर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी बनाए गए ब्रह्मानंद नेताम को गिरफ्तार करने के लिए झारखंड की पुलिस कांकेर आई हुई है। लेकिन अब तक पुलिस ब्रह्मानंद नेताम तक नहीं पहुंच पाई है। बताया जा रहा है कि भानुप्रतापपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं के भारी जमावड़े के चलते झारखंड पुलिस अपनी रणनीति बदल सकती है। फिलहाल झारखंड पुलिस की टीम जिला मुख्यालाय में है। यह भी कहा जा रहा है कि पुलिस टीम भानुप्रतापपुर नहीं जाएगी।

वहीं इस संबंध में कांकेर एसपी शलभ सिन्हा ने बताया कि, झारखंड की पुलिस टीम 2019 के इस मामले में विवेचना के लिए आई हुई है। अब वह छानबीन करेगी और ब्रह्मानंद नेताम से पूछताछ के बाद उनके पास जो सूचनाएं उपलब्ध होंगी उसके आधार पर कार्रवाई करेगी। यह निर्णय पूरी तरह से झारखंड पुलिस के पास रहेगा कि, वह ब्रह्मानंद नेताम को गिरफ्तार करेगी या नहीं। फिलहाल झारखंड पुलिस की टीम कांकेर में मौजूद है और विवेचना के लिए अगले कदम की तैयारी कर रही है। इसमें छत्तीसगढ़ पुलिस उनका सहयोग कर रही है। देखिए वीडियो-

क्या है पूरा मामला

दरअसल, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कांकेर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीजेपी प्रत्याशी ब्रह्मानंद नेताम पर नाबालिग से गैंगरेप और उसे देह व्यापार में धकेलने समेत कई गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने सबूतों के साथ ये बात मीडिया के सामने रखी थी। ब्रह्मानंद नेताम को लेकर मोहन मरकाम ने कहा था कि उन पर झारखंड राज्य के जमशेदपुर जिले में केस दर्ज है। 15 साल की नाबालिग से गैंगरेप कर उसे देह व्यपार में धकेलने का आरोप लगाते हुए मरकाम ने FIR की कॉपी भी मीडिया को दिखाई थी और घटना 2019 का होना बताया था। पीसीसी चीफ ने कहा था कि पुलिस ने पहले 5 आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की थी, जिसके बाद जांच में 10 से 12 आरोपी सामने आए, जिनमें भाजपा प्रत्याशी भी शामिल हैं।

दावा- बच्ची ने डायरी में गैंगरेप के आरोपियों के नाम लिखे

पीसीसी चीफ मरकाम ने कहा था कि जमशेदपुर के थाना टेल्को में अपराध क्रमांक 84/2019 में 15 मई 2019 को पॉक्सो एक्ट समेत कई धाराओं में ब्रह्मानंद नेताम के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया था। कांग्रेस ने खुलासा किया कि पीड़िता ने एक डायरी में गैंगरेप के सभी आरोपियों के नाम लिखकर रखे थे। इस मामले में झारखंड पुलिस ने छतीसगढ़ से संबंध रखने वाले शीतल उर्फ सपना महतो, सुरेंद्र सिन्हा को महासमुंद से 2019 में ही गिरफ्तार किया था। ब्रह्मानंद नेताम का नाम पुलिस की ओर से पेश चालान में भी शामिल है। वहीं ब्रह्मानंद नेताम ने इस मामले को कांग्रेस की साजिश बताया था। उनका कहा था कि वे कभी जमशेदपुर गए ही नहीं है। कांग्रेस ने मेरे चरित्र पर दाग लगाने के लिए पूरा षड्यंत्र रचा है। उपचुनाव में सामने अपनी हार को देख साजिश रचकर मुझे बदनाम किया जा रहा है।

Tags

Next Story