Bhanupratappur By Election : झारखंड पुलिस पहुंची कांकेर, भाजपा प्रत्याशी नेताम को गिरफ्तार करने की संभावना

Bhanupratappur By Election : झारखंड पुलिस पहुंची कांकेर, भाजपा प्रत्याशी नेताम को गिरफ्तार करने की संभावना
X
झारखंड की पुलिस कांकेर पहुंचने के बाद चराम के लिए रवाना हो गई है। चरामा में ही भाजपा प्रत्याशी और पूर्व विधायक ब्रह्मानंद नेताम का आवास है। उधर इस आशय की खबर मिलते ही श्री नेताम के निवास के बाहर बड़ी संख्या में भाजपाई एकत्र हो गए हैं। संभावना जताई जा रही है कि श्री नेताम के आवास के बाहर झारखंड पुलिस को भाजपाइयों के विरोध का सामना करना पड़ सकता है... पढ़िए पूरी खबर..

कांकेर। छत्तीसगढ़ के भानुप्रतापपुर में विधानसभा उपचुनाव की नामांकन की समय-सीमा खत्म हो गई है। सभी प्रत्याशियों के नाम दर्ज किए जा चुके हैं। अब इस बीच बड़ी खबर सामने आ रही है कि, उप चुनाव में भाजपा की ओर से उम्मीदवारी कर रहे ब्रह्मानंद नेताम को झाारखंड पुलिस गिरफ्तार कर सकती है। कहा जा रहा है कि पूर्व विधायक ब्रह्मानंद नेताम झारखंड में सामने आए एक नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म और के मामले में आरोपी बनाए गए हैं। इसी मामले में आज झारखंड पुलिस पहुंची है।

दरअसल इस मामले में आरोपी बताए गए पूर्व विधायक को तलाशते झारखंड की जमशेदपुर पुलिस ने कांकेर में दस्तक दे दी है। डीएसपी रैंक के अधिकारी के नेतृत्व में यह टीम पहुंची है। इस मामले में झारखंड पुलिस ने स्थानीय पुलिस से मदद मांगी है। बताया जा रहा है कि, 15 मई 2019 को झारखंड के जमशेदपुर में नाबालिग से सामूहिक रेप और जबरन देह व्यापर के धंधे में धकेलने के मामले में एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसकी जांच में नेताम के शामिल होने का मामला सामने आ रहा है। वहीं, इस मामले में भाजयुमो का जिला कोषाध्यक्ष बताए जा रहे, दीपांकर सिन्हा का भी नाम सामने आ रहा है।

कांग्रेस ने चुनाव आयोग से की शिकायत

इस मामले में पांच लोग आरोपी बताए जा रहे हैं। पुलिस की जांच बाद इस मामले में छत्तीसगढ़ के दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और जांच अब भी जारी है। कांग्रेस का आरोप है कि इस मामले में आरोपी दीपांकर सिन्हा भी भाजयुमो का जिला कोषाध्यक्ष है। कांग्रेस ने ब्रह्मानंद नेताम की शिकायत चुनाव आयोग से भी की है। वहीं, इस मामले में रायपुर पुलिस के एक सिपाही की भी मिलीभगत सामने आई है। एसएसपी प्रशांत अग्रवाल ने सिपाही केशवराम सिन्हा को निलंबित कर पुलिस लाइन अटैच कर दिया है।

एक और आरोपी फरार

मिली जानकारी के अनुसार आरोपी सिपाही चारामा का निवासी बताया जा रहा है। उस अपराध की चार्जशीट में इस सिपाही का भी नाम है। उसके मुताबिक सिपाही भी नाबालिग के साथ दुष्कर्म के अपराध में सहायक रहा है। रायपुर के राजेंद्र नगर थाने में पदस्थ सिपाही के निलंबन के साथ एसएसपी प्रशांत अग्रवाल ने मामले की जांच महिला सेल को सौंपा था। एसएसपी ने महिलाओं के खिलाफ अपराध की जांच के लिए बनी विशेष यूनिट-IUCAW की डिप्टी एसपी को मामले की जांच का आदेश दिया था। बताया जा रहा है, यह यूनिट भी मामले में कई लोगों से पूछताछ कर चुकी है। फ़िलहाल झारखंड पुलिस चारामा के लिए रवाना हो गई है। एक अन्य आरोपी नरेश सोनी अब भी फरार है। नरेश के घर में तालाशी के बाद ब्रह्मानंद के घर की ओर चारामा पुलिस रवाना हुई। देखें वीडियो..


Tags

Next Story