छुई खदान धसने से बड़ा हादसा : एक महिला की मौत, 2 अन्य हुईं घायल

छुई खदान धसने से बड़ा हादसा : एक महिला की मौत, 2 अन्य हुईं घायल
X
जिले के विभिन्न क्षेत्रों में गौण खनिज निकालने की प्रक्रिया जारी है। इसमें ज्यादातर उपयोग मिट्टी मुरूम और बालू का है। जबकि ग्रामीण क्षेत्र के लोग कच्चे मकानों की लिपाई पुताई के लिए छुई मिट्टी का उपयोग भी करते हैं। पढ़िए पूरी खबर...

उमेश यादव- कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। जिले के भूगर्भ से गौण खनिज के दोहन के दौरान अनेक मौकों पर हादसे हो जाते हैं। वहां पर मौजूद लोगों को भारी जोखिम उठना पड़ता है। जिले के करमंदी गांव में छुई मिट्टी खदान में खनन कार्य करने के दौरान हुए हादसे में गांव की एक महिला की मौत हो गई, जबकि 2 अन्य घायल हो गईं। इस हादसे के बाद लोगों में हाहाकार मचा गया है। पुलिस को सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

छत्तीसगढ़ के औद्योगिक जिला कोरबा में मुख्य रूप से कोयला खनिज बहुतायत में उपलब्ध है। और इसके दोहन एवं परिवहन से प्रदेश सरकार को प्रतिवर्ष कई अरब रुपए कि रॉयल्टी प्राप्त हो रही है। दूसरी ओर गौण खनिज के माध्यम से भी सरकार के खनिज विभाग को काफी सहायता मिल रही है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में गौण खनिज निकालने की प्रक्रिया जारी है। इसमें ज्यादातर उपयोग मिट्टी मुरूम और बालू का है। जबकि ग्रामीण क्षेत्र के लोग कच्चे मकानों की लिपाई पुताई के लिए छुई मिट्टी का उपयोग भी करते हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, गांव की 3 महिलाएं अपनी जरूरत के लिए मिट्टी खनन करने के लिए नजदीक में स्थित खदान में गई हुई थी। काम के दौरान ही खदान का ऊपरी हिस्सा धस गया और महिलाएं इसकी चपेट में आ गई। इस घटना में कौशल कवर की 35 वर्षीय पत्नी प्रमिला की मौत हो गई। जबकि दो अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गए । गांव के लोगों को इस घटना की जानकारी होने के बाद उन्होंने पुलिस को इस घटना की सूचना दी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और डायल 112 के जरिए पीड़ितों को जिला अस्पताल ले जाया गया। कौशल ने बताया कि प्रमिला उसकी दूसरी पत्नी थी जिसकी इस घटना में मौत हुई है जबकि पहली पत्नी की मौत कुछ समय पहले बीमारी के कारण हो गई।

प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की दी थी सलाह

इस हादसे में घायल दो महिलाओं को मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है जहां पर चिकित्सकों की निगरानी में उन्हें उपचार दिया जा रहा है। इन महिलाओं के पैर और दूसरे हिस्से में काफी चोटें आई हैं। इससे पहले विभिन्न क्षेत्रों में हुई घटनाओं को लेकर पुलिस और प्रशासन के द्वारा लोगों को सतर्क किया गया था। इसके साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल मामले में जांच जारी है।


Tags

Next Story