कृष्णम इंडस्ट्रीज में बड़ा हादसा : सौ फीट की ऊंचाई से गिरे दो मजदूर- एक की मौके पर मौत, दूसरा गंभीर...इंडस्ट्री में ताला लगाकर प्रबंधन गायब

कृष्णम इंडस्ट्रीज में बड़ा हादसा : सौ फीट की ऊंचाई से गिरे दो मजदूर- एक की मौके पर मौत, दूसरा गंभीर...इंडस्ट्री में ताला लगाकर प्रबंधन गायब
X
बताया जा रहा है कि शेड की मरम्मत के दौरान दोनों मजदूर नीचे गिर गए। मृत युवक शुभम वर्मा की पिछले साल ही शादी हुई थी। उसकी एक छोटी बेटी भी है। पढ़िए पूरी खबर...

दिलीप वर्मा-तिल्दा। छत्तीसगढ़ के तिल्दा स्थित कृष्णम इंडस्ट्रीज में एक बड़ा हादसा हो गया। लगभग 100 फीट की ऊंचाई पर काम कर रहे 2 मजदूर नीचे गिर गए। इस हादसे में एक की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं दूसरा मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल मजदूर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके बाद बुधवार को मृत मजदूर के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में इंडस्ट्री के बाहर पहुंचे तो वहां ताला लटका मिला है।

मिली जानकारी के मुताबिक, मृत श्रमिक का नाम शुभम वर्मा है, जो देवरी का रहने वाला है। जहां हादसा हुआ वह कृष्णम इंडस्ट्रीज तिल्दा के पास छपोरा गांव में स्थित है। यहां काम कर रहे मजदूरों ने बताया कि, सुरक्षा को ताक पर रखकर काम कराया जा रहा था। बताया जा रहा है कि शेड की मरम्मत के दौरान दोनों मजदूर नीचे गिर गए। मृत युवक शुभम वर्मा की पिछले साल ही शादी हुई थी। उसकी एक छोटी बेटी भी है।

शेड की पाइप खिसकने से गिरे दोनो मजदूर

साथ काम कर रहे मजदूरों के मुताबिक मजदूर शुभम वर्मा और शिवचरण निर्मलकर 3 मंजिला शेड पर चढ़कर उसे सुधारने में लगे थे। अचानक शेड की पाइप खिसकने से दोनों मजदूर ऊपर से नीचे ऑयल भट्ठी के किनारे गिर गए। हादसे में देवरी निवासी शुभम वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 20 वर्षीय शिवचरण निर्मलकर गंभीर रूप से घायल है। हादसे की खबर मिलते ही तिल्दा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया, वहीं घायल को तिल्दा के खुशी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

मैनेजमेंट इंडस्ट्री में ताला लगाकर गायब

बताया जा रहा है कि, मंगलवार की शाम 5 बजे हादसा हुआ। जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन ग्रामीणों समेत प्लांट पहुंचे, तब तक शव को तिल्दा पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया जा चुका था। वहीं घायल को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों ने प्लांट प्रबंधन से बात करनी चाही, लेकिन वहां कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं था। यहां तक कि प्लांट में ताला लगाकर सभी स्टाफ भी जा चुके थे। बुधवार को भी प्लांट प्रबंधन मौजूद नहीं है।

ग्रामीणों में भारी आक्रोश

घायल और मृतक के परिजन बुधवार की सुबह से प्लांट के बाहर डेरा डाले हुए हैं, लेकिन अब तक कोई भी जिम्मेदार वहां नहीं पहुंचा है। इसकी वजह से भीड़ आक्रोशित हो रही है। वहां मौजूद मजदूरों को प्रबंधनकों के बारे में कोई खास जानकारी भी नहीं है।

Tags

Next Story