जेसीसीजे की बड़ी कार्यवाही : विधायक धर्मजीत सिंह और चार कार्यकर्ता पार्टी से निष्कासित, मुख्यमंत्री ने कहा- जोगी कांग्रेस अब समाप्ति की ओर

जेसीसीजे की बड़ी कार्यवाही : विधायक धर्मजीत सिंह और चार कार्यकर्ता पार्टी से निष्कासित, मुख्यमंत्री ने कहा- जोगी कांग्रेस अब समाप्ति की ओर
X
जेसीसीजे की कोर कमिटी ने अपनी ही पार्टी के विधायक दल के नेता वरिष्ठ विधायक ठाकुर धर्मजीत सिंह को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। क्यों की गई यह कार्यवाही पढ़िए पूरी खबर...

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के विधायक धर्मजीत सिंह को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित करने पर बड़ा बयान दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जोगी कांग्रेस अब ढलान और समाप्ति की ओर है। कुछ नहीं बचा, वहां पर अपने ही विधायक दल के नेता को निष्कासित कर दिए हैं। पहले 5 थे 2 नहीं रहे, अब तीन बचे उसमें भी 1 को खुद हटा दिए। जोगी कांग्रेस पूरी तरह समाप्त होने के कगार पर है। देखिए वीडियो-

पार्टी के विरुद्ध कार्य करने पर हुई कार्यवाही

दरअसल प्रदेश के एकमात्र मान्यता प्राप्त क्षेत्रीय राजनीतिक दल जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) की कोर कमिटी ने रविवार को अपनी ही पार्टी के विधायक दल के नेता वरिष्ठ विधायक ठाकुर धर्मजीत सिंह को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। यह कार्यवाही अनुसूचित जाति, जनजाति, गरीब अति पिछड़ा वर्ग समाज की उपेक्षा सहित स्व. अजीत जोगी के सिद्धांतों के विरुद्ध कार्य करने के कारण की गई। लेकिन अंतिम निर्णय पार्टी सुप्रीमो डॉ. रेणु जोगी पर छोड़ दिया गया है।

कार्यकर्ताओं ने कई बार की थी शिकायत

उल्लेखनीय है कि विधायक धर्मजीत सिंह को पार्टी संस्थापक स्व. अजीत जोगी ने बहुत ही विश्वास के साथ पार्टी विधायक दल का नेता बनाया था। लेकिन करीब एक साल से, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के कार्यकर्ताओं की ओर से पार्टी नेतृत्व के संज्ञान में यह शिकायत लगातार लाई जा रही थी कि जेसीसीजे के लोरमी विधानसभा से विधायक ठाकुर धर्मजीत सिंह अनुसूचित जाति, जनजाति, गरीब पिछड़ा वर्ग से संबंधित पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ताओं और लोगों को दरकिनार कर लगातार उनकी उपेक्षा कर रहे हैं और एक वर्ग विशेष के लोगों को ही महत्व दे रहे हैं। विधायक सिंह लगातार अन्य दल के संपर्क में रहकर अपने निजी स्वार्थ का ताना बाना बुनने में लगे रहे हैं। इन शिकायतों के संदर्भ में, पूर्व में अनेकों बार धर्मजीत सिंह के साथ चर्चा भी की गई, लेकिन उनके आचरण और विचार में कोई बदलाव नहीं आया।

विधायक 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित

इसके बाद पार्टी ने विधायक धर्मजीत सिंह को निष्कासित करने का फैसला किया। जेसीसीजे ने बताया कि जिस पार्टी के चिन्ह पर चुनाव जीते और विधायक बने, उसी पार्टी की नीतियों को त्यागने और छत्तीसगढ़वाद की क्षेत्रीय विचारधारा को मिटाने का प्रयास करने के कारण जेसीसीजे लोरमी विधायक ठाकुर धर्मजीत सिंह को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया गया है। धर्मजीत सिंह के पार्टी से निष्कासन की सूचना विधानसभा अध्यक्ष को दे दी गई है। विधायक धर्मजीत सिंह को निष्कासित करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित करते हुए इस विषय में अंतिम निर्णय लेने के लिए जेसीसीज की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रेणु जोगी पर छोड़ दिया गया है।

चार और कार्यकर्ताओं की छुट्टी

वहीं विधायक धर्मजीत सिंह के निष्कासन के बाद चार और कार्यकर्ताओं की छुट्टी हुई है। पार्टी ने 4 और कार्यकर्ताओं को जोगी कांग्रेस से निष्कासित कर दिया है। यह कार्यवाही पार्टी विरोधी गतिविधियों को लेकर की गई। इसमें अंकिता शुक्ला, राकेश छाबड़ा, सीमांत दास और रवि शुक्ला को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया गया।

Tags

Next Story