प्रापर्टी डीलर के अपहरण मामले में बड़ा खुलासा : होटल में महिला के साथ देखा गया, महिला को बताया पत्नी, अपहृत के बरामद कार में मिले खून के छींटे...

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले का लापता प्रॉपर्टी डीलर का एक वीडियो सामने आया है। इसमें अपहृत प्रॉपर्टी डीलर एक महिला के साथ होटल से बाहर निकलता नजर आया है। वहीं पुलिस ने अपहृत की कार लावारिस हालत में बरामद की है, जिसमें खून के निशान मिले हैं। ऐसे में मामला गंभीर होता जा रहा है, लेकिन पुलिस यह भी आशंका जता रही है कि प्रेम-प्रसंग के कारण प्रॉपर्टी डीलर ने अपहरण की कहानी बनाई है। फिलहाल पुलिस इस मामले में अलग-अलग एंगल से जांच कर रही है। मामला सकरी थाना क्षेत्र का है।
हत्या की आशंका
उल्लेखनीय है कि आसमा सिटी निवासी लापता वकील अंसारी प्रॉपर्टी डीलर हैं। वो 3 नवंबर को कार से अंबिकापुर अपने परिचित आरएस बागड़िया से मिलने गए थे। 4 नवंबर को वकील ने अपनी पत्नी अबकरी खातुन को फोन कहा था कि वह घर आ रहे हैं। फिर देर रात 11.30 बजे उनका फोन फिर से पत्नी को आया, तब उन्होंने पत्नी को बताया कि मैं फंस गया हूं। मुझे बंधक बना लिया गया है। मुझे छुड़ाने के लिए 10 लाख रुपए की जरूरत है। इसके बाद अकबरी ने मामले की शिकायत पुलिस से की थी। इसी शिकायत के आधार पर पुलिस अपहरण का केस दर्ज कर प्रॉपर्टी डीलर की तलाश कर रही है। मगर घटना के 11 दिन बीत जाने के बाद भी प्रॉपर्टी डीलर का अब तक कुछ पता नहीं चला है। इस बीच शनिवार को पुलिस ने प्रॉपर्टी डीलर की कार सेंदरी मोपका बायपास के पास लावारिस हालत में बरामद की है। लोगों ने पुलिस को इस बात की सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कार की तलाशी ली। इसमें कार के अंदर से पुलिस को खून के निशान मिले। इस वजह से पुलिस को प्रॉपर्टी डीलर की हत्या की भी आशंका है।
महिला के साथ होटल दिखा प्रॉपर्टी डीलर
वहीं इस केस में पुलिस को ऐसी भी आशंका है कि प्रॉपर्टी डीलर ने अपने ही अपहरण की कहानी बनाई है। ऐसा इसलिए माना जा रहा है कि क्योंकि एक सीसीटीवी फुटेज पुलिस के हाथ लगी है। इसमें प्रॉपर्टी डीलर एक महिला के साथ होटल से बाहर निकलता नजर आ रहा है। इतना ही नहीं दोनों आराम से बातचीत कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो अंबिकापुर के किसी होटल का है। जांच में यह भी पता चला है कि वकील ने होटल में जो जानकारी दी थी। उसमें उसने बताया कि उसके साथ जो महिला है, वह उसकी पत्नी है। बाद में दोनों उस होटल से निकल भी जाते हैं। यही वजह है कि पुलिस को आशंका है कि प्रॉपर्टी डीलर का उस महिला से अवैध संबंध होगा और उसी के चलते उसने यह कहानी बनाई होगी।
खुद के अपहरण की आशंका
बता दें कि पुलिस ने जब इस केस में शुरूआती जांच की थी, तब से प्रॉपर्टी डीलर का फोन बंद चालू आ रहा था। कई बार सायबर सेल ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया। मगर संपर्क नहीं हो सका। फोन बार-बार बंद चलू आने से भी पुलिस को प्रॉपर्टी डीलर पर संदेह है। हालांकि पुलिस ने अब बताया है कि पहले तो वकील का फोन बंद चालू हो रहा था, लेकिन अब कुछ समय से उसका फोन ही बंद है। सकरी टीआई सागर पाठक ने बताया है कि हम लगातार मामले की जांच कर रहे हैं। कई टीमों को अलग-अलग स्थान पर भेजा गया है। साइबर टीम लगातार एक्टिव है। पुलिस को अपहृत वकील अंसारी की पत्नी ने कुछ ऑडियो रिकॉर्डिंग भी दी थी, जिसे सुनकर पुलिस अंबिकापुर भी गई थी। वकील के दोस्त से पूछताछ कर पुलिस संदेहियों की जानकारी जुटाकर लौट आई।
आरएस बागड़िया गिरफ्तार
बताया जा रहा है कि इस वारदात में एक संदेही अभिषेक अयाची और उसके अन्य साथियों का नाम सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में अंबिकापुर में रहने वाले आरएस बागड़िया से भी बात की थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके पास भी वकील अंसारी का कॉल आया था, जिसमें उन्होंने पैसे के लेनदेन के नाम से संदेही अभिषेक और उसके साथियों के बंधक बनाने की बात कही थी। वहीं राजश्री कंस्ट्रक्शन के मालिक आरएस बागड़िया को सकरी पुलिस ने थाने भी बुलाया था। गुरुवार को उससे इस मामले में पूछताछ की गई पर कोई सुराग नहीं मिला। उसके खिलाफ पहले से सकरी थाने में धोखाधड़ी का केस दर्ज है। कोर्ट ने उसके खिलाफ स्थाई वारंट जारी किया है। इसलिए उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
अपहरण के मामले में पहले जेल में था वकील अंसारी
इस मामले में पैसे को लेन-देने के चलते अपहरण की बात सामने आई है। ऐसे में पुलिस ने अभिषेक अयाची के बारे में जानकारी जुटाई है। इसमें पता चला है कि अभिषेक अयाची शहर का ही रहने वाला है। बहुत समय पहले वकील अंसारी और अभिषेक अयाची मिलकर बिल्डर आरएस बागड़िया के राजश्री कंस्ट्रक्शन में साथ काम करते थे। आएस बागड़िया ठगी के मामले में जेल जा चुका है और वहीं पर उसकी मुलाकात वकील अंसारी से हुई थी। वकील अंसारी अपहरण के मामले में पहले जेल में था। आरएस बागड़िया वर्तमान में अंबिकापुर में मॉल निर्माण करा रहा है। अभिषेक के बारे में पता चला है कि वह 2020 से शहर में नहीं है। वर्तमान में वह उत्तराखंड के हरिद्वार में किसी मठ में रहता है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS