बड़ी खबर : UK से कोरबा लौटी युवती हुई क्वारेंटाइन, कोरोना के नए स्ट्रेन का खौफ

बड़ी खबर : UK से कोरबा लौटी युवती हुई क्वारेंटाइन, कोरोना के नए स्ट्रेन का खौफ
X
लगभग 45 से 50 वर्ष आयु वर्ग की इस महिला के यूके से 14 दिसंबर को बालको आने की जानकारी मिली। पढ़िए पूरी खबर-

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बालको क्षेत्र में एक महिला के यूनाइटेड किंगडम से आने की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन मुस्तैद हो गया है। लगभग 45 से 50 वर्ष आयु वर्ग की इस महिला के यूके से 14 दिसंबर को बालको आने की जानकारी मिली है। जानकारी मिलने के बाद महिला को बालको क्षेत्र के ही क्वारेंटाइन सेंटर में आगामी 14 दिन के लिए क्वारेंटाइन करने की प्रक्रिया की गई है।

दरअसल ब्रिटेन में कोरोना वायरस की नई स्ट्रेन अपेक्षाकृत ज्यादा प्रभावशाली मिलने के बाद से भारत में भी ऐहतियात बरती जा रही है। सरकार ने जहां दूसरे देशों से आने वाली फ्लाईट पर रोक लगा दी है, वहीं इन देशों से आने वालों का पता लगाकर उन्हें क्वारेंटाइन भी किया जा रहा है। इस कड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार ने भी अपने सभी जिलों के कलेक्टर को निर्देश जारी कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने कहा है। कोरबा जिले से भी कई लोगों का विदेश आना-जाना लगा रहता है। कामकाज से लेकर पढ़ाई के सिलसिले और रिश्तेदारी में भी लोग विदेश का दौरा करते रहते हैं।

एसडीएम सुनील नायक ने बताया कि बालको क्षेत्र की उक्त महिला के बारे में ज्ञात होने पर उसे क्वारेंटाइन किया गया है। अब तक मात्र एक महिला की ही विदेश से आने की पुष्टि हुई है, जो 14 दिसंबर को बालको आई है।

यूके से लौटे यात्री स्वयं की जानकारी 104 पर दें

छत्तीसगढ़ शासन ने कोरोना वायरस के नए स्वरूप के संक्रमण से बचाव हेतु यूनाइटेड किंगडम की यात्रा कर छत्तीसगढ़ या इसके किसी भी जिले अथवा क्षेत्र में लौटे यात्रियों से स्वयं की जानकारी टोल फ्री नंबर 104 पर देने की अपील की है। ऐसे सभी यात्री जो 25 नवंबर से 23 दिसंबर 2020 के मध्य यूनाइटेड किंगडम की यात्रा कर छत्तीसगढ़ लौटे हैं, उनके लिए उपरोक्त जानकारी देना सभी यात्रियों एवं उनके परिजनों की स्वास्थ्य की सुरक्षा हेतु अत्यंत आवश्यक है।

Tags

Next Story