बीजेपी की सीएम बघेल के दावे पर हमला, कहा- कितना भी भ्रम फैलाए, हकीकत को छुपाया नहीं जा सकता

बीजेपी की सीएम बघेल के दावे पर हमला, कहा- कितना भी भ्रम फैलाए, हकीकत को छुपाया नहीं जा सकता
X
पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने रायपुर शहर में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की घोषणाओं पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, वे कितना भी भ्रम फ़ैलाने का प्रयास कर लें, हकीकत को छुपाया नहीं जा सकता।

हरिभूमि न्यूज, रायपुर: पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने रायपुर शहर में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की घोषणाओं पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, वे कितना भी भ्रम फ़ैलाने का प्रयास कर लें, हकीकत को छुपाया नहीं जा सकता। पौने 5 साल में उन्होंने रायपुर राजधानी में एक भी बड़े प्रोजेक्ट का भूमिपूजन नहीं किया। अब तक भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान स्वीकृत कार्यों पर वाहवाही लूटने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा, वे जानते हैं कि वह झूठे हैं, वह भयभीत हैं, इसलिए शायद ही उनका न्योता स्वीकार करने की हिम्मत जुटा पाएंगे। भाजपा उनके कथन को सप्रमाण नकारेगी। उन्होंने कहा, वह स्वयं भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ दूरबीन लेकर श्री बघेल के कार्यकाल में हुए कार्यों को खोजने निकलेंगे।

उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार के आरोपों से इस कदर घिर चुके हैं कि कभी भी उनके खिलाफ कोई बड़ी कार्रवाई संभावित है। वह अच्छे से जान चुके हैं कि अब कुछ महीनों में कांग्रेस सत्ता से बेदखल होनी वाली है। इसीलिए बचे चंद दिनों में चुनावी घोषणा कर शिलालेख पर अपना नाम लगवाना चाहते हैं। उन्होंने कहा, आज जिस तेलीबांधा फ्लाईओवर के निर्माण का भूमिपूजन किया, उसके बजट की मंजूरी भाजपा शासनकाल में 2017 में ही दे दी गई थी। कांग्रेस सरकार ने शायद कमीशन खोरी के चक्कर में जानबूझकर 5 साल तक उसका निर्माण रोककर रखा। खारुन रिवर फ्रंट निर्माण भाजपा की सरकार में आवास एवं पर्यावरण मंत्री के तौर पर मैंने मंजूरी दी थी, तब यही कांग्रेस इसका विरोध करती दिखती थी।

तात्यापारा चौक का भूमिपूजन दिखावा

मूणत ने शारदा चौक से तात्यापारा चौक सड़क चौड़ीकरण के भूमिपूजन को दिखावा बताया। तात्यापारा चौक सड़क के चौड़ीकरण का भाजपा शासनकाल में सर्वे करवाया गया था। अगर कार्य को करने की मंशा होती, तो चुनाव तक इंतज़ार ना किया जाता। यह भी दूसरी घोषणाओं की तरह दिखावा ही साबित होगा।

Tags

Next Story