छत्तीसगढ़ में अपराधों पर भाजपा हमलावर : महिला मोर्चा की महासचिव दीप्ति रावत ने अकलतरा कांड पर प्रियंका गांधी को घेरा

रायपुर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर में हुए बर्बर रेप कांड ने सियासी तूल पकड़ लिया है। शुक्रवार को भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महासचिव दीप्ति रावत रायपुर पहुंची हैं। यहां पहुंचते ही उन्होंने इस मामले में आक्रामक रुख अपनाते हुए प्रदेश की कानून व्यवस्था पर हमला बोला। सुश्री रावत ने कहा है कि जांजगीर जिले के अकलतरा की इस भयावह घटना पर प्रियंका गांधी चुप क्यों हैं। देश के कुछ राज्यों में चुनाव के दौरान महिला अधिकारों की बात करने वाली प्रियंका गांधी अब कहां हैं। इसके साथ ही दीप्ति ने कहा कि भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों का राज्य है छत्तीसगढ़। इसे शांति के द्वीप के रूप में जाना जाता है, लेकिन जिस तरह से छत्तीसगढ़ में महिला असुरक्षित है और प्रदेश अशांत हो गया है, इसके लिए कांग्रेस सरकार जिम्मेदार है। कथित तौर पर महिला सुरक्षा की बात करने वाली प्रियंका गांधी को इस मामले में भी कुछ कहना चाहिए।
प्रदेश में असुरक्षित हैं महिलाएं : दीप्ति
राष्ट्रीय महासचिव दीप्ति गुरुवार को जांजगीर में हुए विरोध प्रदर्शन में भी शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि यहां अवैध नशे का कारोबार हर जगह फैला हुआ है। जिसके कारण ही महिलाएं प्रदेश में सुरक्षित नहीं है और अपराध की घटनाएं प्रदेश में लगातार बढ़ती ही जा रही हैं। दीप्ति ने जांजगीर कांड की तुलना दिल्ली के चर्चित निर्भया कांड से की। उन्होंने कहा यहां निर्भया पार्ट-टू हुआ है। इससे दुखद क्या हो सकता है कि एक निगरानीशुदा बदमाश जघन्य अपराध की घटना को अंजाम देता है और उसके बाद भी पुलिस को इसकी खबर नहीं होती। विधानसभा में पेश आंकड़ों का जिक्र करते हुए दीप्ति ने कहा कि आधिकारिक तौर पर रिकॉर्ड है कि छत्तीसगढ़ में इन 37 महीनों में 5153 अनाचार के मामले दर्ज किए गए हैं। हर पांच घंटे में एक महिला अनाचार की शिकार हुई है यह बेहद ही दुर्भाग्य जनक है। भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री श्रीमती दीप्ति रावत भारद्वाज ने कहा कि प्रदेश की महिलाएं असुरक्षित है उनकी सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाना चाहिए।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS