भाजपा ने राहुल-प्रियंका गांधी को बुलाया छत्तीसगढ़, मंत्री डहरिया के बयान पर साधा निशाना

भाजपा ने राहुल-प्रियंका गांधी को बुलाया छत्तीसगढ़, मंत्री डहरिया के बयान पर साधा निशाना
X
विष्णु देव साय ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को छत्तीसगढ़ आने के लिए प्लेन की टिकट भेजने का प्रस्ताव दिया। पढ़िए पूरी खबर-

रायपुर। लगातार हो रही दुष्कर्म की घटनाओं पर देश भर में सियासत शुरू हो गई है। सत्ता और विपक्ष में आरोप प्रत्यारोप का सिलसिला शुरू हो गया है। इसी कड़ी में भाजपा ने नगरी प्रशासन मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया के बयान पर निशाना साधा है। नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदेव साय ने मंत्री के साथ ही पूरी पार्टी को आड़े हाथों लिया है और राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को छत्तीसगढ़ आने के लिए प्लेन की टिकट भेजने का प्रस्ताव दिया है।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णु देव साय ने कहा है कि- 'पहाड़ी कोरवा महिला से रेप के बाद हत्या कर दी गई। इस सरकार का यह कौन सा मापदंड है कि राज्य में घटी घटना है। हम मांग करते हैं कि राहुल गांधी प्रियंका गांधी भी यहां का दौरा करें।

वहीं नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा है कि- जिस प्रकार से लगातार घटना हो रही है। राज्य में अपराधिक घटनाएं बढ़ी है। मंत्री का यह बयान कि छत्तीसगढ़ में हुई रेप की घटना छोटी है। यह अशोभनीय है। प्रदेश के बाहर की घटना इन्हें बड़ी लगती है और राज्य की घटना छोटी। यह सरकार प्रदेश को किस ओर ले जाएगी।

भाजपा ने ट्वीट कर कहा कि- 'छत्तीसगढ़ में हुआ दुष्कर्म छोटी घटना है! कैबिनेट मंत्री शिव डहरिया जी को जानते ही हैं आप। प्रदेश का अपना 'मुलायम सिंह यादव।' बच्चों से ग़लतियां हो जाती टाइप।'

बता दें बलरामपुर के वाड्रफनगर में हुए गैंगरेप मामले में सवाल किए जाने पर नगरीय प्रशासन मंत्री शिव डहरिया ने कहा था कि- यहां की घटना उस तरह की घटना नहीं है, जैसी यूपी के बलरामपुर में हुई। हमारे यहां जो हुई वो वैसी घटना नहीं है। पूर्व सीएम डॉ. रमन और भारतीय जनता पार्टी को लेकर उन्होंने कहा कि हाथरस पर क्यों नहीं ट्वीट कर कर रहे हैं। क्या वहां जो हुआ वो अच्छा हुआ है, और कोई छोटी घटना हो गई छत्तीसगढ़ के बलरामपुर में... वो सिर्फ छत्तीसगढ़ सरकार की आलोचना के सिवा कुछ काम नहीं कर रहे। डहरिया ने कहा कि इतनी बड़ी घटना हो गई हाथरस में भारतीय जनता पार्टी और डॉ. रमन सिंह की जुबान क्यों नहीं खुल रही है, कुछ तो उनको इस विषय में भी बोलना चाहिए।

Tags

Next Story