युवाओं के मुद्दों और धर्मांतरण पर प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलेगा भाजयुमों

भारतीय जनता युवा मोर्चा की पहली कार्यसमिति में युवाओं के कई मुद्दों को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने की रणनीति बनाई गई। इसी के साथ धर्मांतरण को लेकर भी मंथन किया गया। इस मामले में भी भाजयुमो ने शहर से लेकर गांवों तक आंदोलन का फैसला किया है। कार्यसमिति में डॉ. रमन सिंह और नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक के साथ कई नेताओं ने मार्गदर्शन दिया।
कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में भाजयुमो की कार्यसमिति में युवाओं के मुद्दों को लेकर मंथन किया गया। इसमें तय किया गया कि प्रदेश सरकार ने बेरोजगारों को जो भत्ता देने का वादा किया था उस पर सरकार खरी नहीं उतरी है। पीएससी में गड़बड़ियों को लेकर भी चर्चा की गई। इसके अलावा व्यापम की परीक्षाओं को लेकर भी बात हुई। सारे मामले में युवाओं के साथ मिलकर आंदोलन करने का फैसला किया गया है।
इसी के साथ गांवों में युवाओं की चौपाल लगाकर उनसे चर्चा की जाएगी और उनके सुझावों पर आंदोलन होंगे। राजनीतिक प्रस्ताव में जहां केंद्र की मोदी सरकार को सराहा गया वहीं प्रदेश की सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए आंदोलन का ऐलान किया गया। इसी के साथ धर्मांतरण को लेकर भी सड़क की लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया गया।
रमन ने कहा, युवाओं को धोखा दिया
बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा है कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने युवाओं के साथ धोखा किया है। दस लाख को बेरोजगारी भत्ता देने के साथ एक लाख को रोजगार देने का वादा किया था। कोई वादा पूरा नहीं किया है। 14 हजार से ज्यादा शिक्षाकर्मियों की भर्ती काे अटकाकर रखा गया है। पीएससी तो मानो बंद ही हो गई है। उन्होंने कहा है कि युवाओं के हर मुद्दे को लेकर आंदोलन किया जाए। इसी के साथ ऐसे युवाओं को भाजपा से जोड़ने का भी काम किया जाए।
मिशन 2023 में भाजयुमो की भूमिका होगी अहम
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा है कि परस्पर सामंजस्य और विश्वास के साथ युवा मोर्चा को आगे बढ़ना हैं। जनता के बीच जा कर केंद्र की मोदी सरकार की उपलब्धियों को बताना हैं। नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने समापन सत्र को संबोधित करते हुए कहा है कि जो विषम परिस्थिति में चलकर कुछ करने का लक्ष्य रखे वही युवा मन को परिभाषित करता है।
मिशन 2023 में आप सबकी भूमिका अहम है। भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष अमित साहू ने कहा है कि आज की कार्यसमिति हम सभी के लिए पाठशाला हैं। भविष्य में अपने दायित्वों का निर्वहन करने संगठन द्वारा प्राप्त जिम्मेदारियों को पूरा करने में आज की कार्यसमिति और यहां से मिली सीख हमारे लिए महत्वपूर्ण हैं। कार्यसमिति को प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, विधायक बृजमोहन अग्रवाल, राजेश मूणत, पूर्व मंत्री व विधायक अजय चंद्राकर, भाजयुमो के प्रभारी अनुराग सिंहदेव और सहप्रभारी ओपी चौधरी ने भी संबोधित किया।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS