चुनाव लड़ने के इच्छुक संगठन के पदाधिकारियों की सूची बनाने में जुटी भाजपा

चुनाव लड़ने के इच्छुक संगठन के पदाधिकारियों की सूची बनाने में जुटी भाजपा
X
रायपुर प्रदेश में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर पहली बार प्रदेश भाजपा संगठन ऐसे पदाधिकारियों की सूची बनवाने का काम कर रहा है, जो चुनाव लड़ना चाहते हैं।

प्रदेश में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर पहली बार प्रदेश भाजपा संगठन ऐसे पदाधिकारियों की सूची बनवाने का काम कर रहा है, जो चुनाव लड़ना चाहते हैं। आमतौर पर ऐसा नहीं किया जाता, लेकिन केंद्रीय मंत्री अमित शाह के निर्देश पर ऐसा हो रहा है। इसके पीछे का एक बड़ा कारण यह भी है कि ऐन समय पर टिकट न मिलने के कारण टिकट चाहने वाले बगावत करके निर्दलीय मैदान पर न उतर जाएं। यही वजह है कि पहली बार संभाग के प्रभारियों को निर्देश देकर हर संभाग की सूची बनाने के लिए कहा गया है। वैसे तो प्रदेश संगठन में भी आधा दर्जन से ज्यादा ऐसे पदाधिकारी हैं, जो चुनाव लड़ना चाहते हैं, इन पर भी फैसला होगा, लेकिन यह अंत में होगा। पहले जिलों के पदाधिकारियों को लेकर फैसला किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ में होने वाले चुनाव की कमान इस समय केंद्रीय मंत्री अमित शाह के हाथों में है। वे यहां का दो बार दौरा करके अलग-अलग निर्देश दे चुके हैं। उन निर्देशों में ही एक बड़ा निर्देश उन पदाधिकारियों के नाम मंगाने का है, जो चुनाव लड़ने की इच्छा रखते हैं। भाजपा की परंपरा रही है कि किसी से यह नहीं पूछा जाता कि वह चुनाव लड़ना चाहता है क्या। इसी के साथ अपनी इच्छा जताने का भी किसी को अधिकार नहीं है, लेकिन इससे हटकर पहली बार उन नामों को राष्ट्रीय संगठन जानना चाहता है, जिनके चुनाव लड़ने की संभावना है और वो जिलाध्यक्ष या जिले में किसी बड़े पद पर हैं।

बनेगी सूची

संभाग प्रभारियों की बैठक में प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने निर्देश दिए हैं कि हर संभाग के ऐसे जिलाध्यक्षों के नामों की सूची बनाएं जो चुनाव लड़ना चाहते हैं या फिर जिनको वहां के कार्यकर्ता चुनाव लड़वाने के इच्छुक हैं। इनके नामों की सूची संगठन के पास आने के बाद पहले तो उनको मनाने का प्रयास हाेगा कि वे संगठन में काम करें, लेकिन जिनके बारे में जिले के ज्यादातर लोगों की राय यह सामने आएगी कि उनको चुनाव लड़वाया जाना चाहिए, ऐसे पदाधिकारियों को बदला जाएगा। इनसे कोई इस्तीफा नहीं लिया जाएगा।

आधा दर्जन बड़े पदाधिकारी भी

एक तरफ संगठन जिलों के पदाधिकारियों की तो सूची बनवा रहा है, लेकिन प्रदेश संगठन में ही आधा दर्जन से ज्यादा ऐसे पदाधिकारी हैं जो चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे नामों में पहले तो तीन प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप, ओपी चौधरी और विजय शर्मा का नाम है। इनके साथ उपाध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, संभाग प्रभारी संजय श्रीवास्तव, सौरभ सिंह और किरणदेव शामिल हैं। इसी के साथ जिलों के जो प्रभारी हैं, उनमें भी करीब आधा दर्जन नाम ऐसे हैं जो चुनाव लड़ने की इच्छा रखते हैं।

ये भी पढ़ें- क्लब की आड़ में महादेव एप से सट्टा संचालित करने के आरोप में पहली बड़ी गिरफ्तारी

Tags

Next Story