माने दो बागी: भिलाई में भाजपा को मिली सफलता, पार्टी के पक्ष में छोड़ी दावेदारी

भिलाई। नगर निगम में भाजपा बागियों को मनाने में कामयाब हो रही है। पिछले दो दिन में निर्दलीय लड़ रहे दो प्रत्याशियों ने चुनाव के मैदान को छोड़कर भाजपा उम्मीदवार को समर्थन दे दिया है। बीते 14 दिसंबर को वार्ड-9 से निर्दलीय प्रत्याशी शांति वर्मा ने रानी देवी केशरवानी को समर्थन देते हुए भाजपा में प्रवेश कर लिया है। इसके बाद 15 दिसंबर को भाजपा के बड़े नेताओं के समझाने पर वार्ड-35 के निर्दलीय प्रत्याशी दीपक कुमार ने भाजपा प्रत्याशी चंदन लाल यादव के पक्ष में अपना समर्थन दिया है।
दरसल, दुर्ग जिले के सभी निकायों में 171 वार्डों के लिए चुनाव किये जा रहे हैं। इसके लिए 720 अभ्यर्थियों ने अपनी दावेदारी की थी। इसमें 170 भारतीय जनता पार्टी से, 171 कांग्रेस, 14 बसपा और 301 निर्दलीय अभ्यर्थी हैं। भिलाई नगर निगम के 70 वार्डों के लिए 69 भाजपा और 70 कांग्रेस प्रत्याशियों के अलावा 299 प्रत्याशी निर्दलीय व अन्य दलों से मैदान में हैं। इसमें 200 से अधिक निर्दलीय प्रत्याशी हैं। जो कि कांग्रेस और भाजपा से टिकट न मिलने पर नाराज होकर चुनाव लड़ रहे हैं।
जीत हो रही है मुश्किल
इन प्रत्याशियों की वजह से कई वार्डों में भाजपा और कांग्रेस दोनों के उम्मीदवारों की जीत मुश्किल हो रही है। ऐसे में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों के नेता बागी प्रत्याशियों को मनाने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रहे हैं। बागियों को मनाने में भाजपा नेता काफी कामयाब हो रहे हैं। अब तक जहां कांग्रेस इसमें पूरी तरह से विफल रही है तो वहीं भाजपा दो बागियों मनाने में कामयाब रही है। भिलाई नगर निगम चुनाव के संचालक संतोष पांडेय, भिलाई चुनाव के प्रभारी भूपेंद्र सवन्नी, वैशाली नगर विधायक विद्यारतन भसीन, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राकेश पांडेय ने बुधवार को वार्ड 35 के निर्दलीय प्रत्याशी दीपक कुमार को पार्टी कार्यालय बुलाया और घंटों तक समझाया। इसके बाद दीपक ने भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी चंदन लाल यादव को अपना समर्थन देते हुए स्वयं को प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान से अलग कर लिया है।
लगातार कांग्रेस का प्रयास जारी
कांग्रेस के बड़े नेता भी बागियों को समझाने का पूरा प्रयास कर रहे हैं।कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने खुद बताया कि पार्टी के नेता बागियों को बुलाकर समझा रहे हैं। कई ने उनकी बात मानने का वादा भी किया है। उनका कहना है कि वह अंतिम समय तक बागियों को मनाने का प्रयास करेंगे।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS