मुख्यमंत्री के बयान में अपनी मंशा जोड़ना भाजपा नेता की स्तरहीन हरकत:कांग्रेस

मुख्यमंत्री के बयान में अपनी मंशा जोड़ना भाजपा नेता की स्तरहीन हरकत:कांग्रेस
X
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा, भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने मुख्यमंत्री के बयान को लेकर झूठ बोला है। दुर्भावनापूर्वक मुख्यमंत्री के बयान को लेकर गलत ढंग से पेश किया।

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा, भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने मुख्यमंत्री के बयान को लेकर झूठ बोला है। दुर्भावनापूर्वक मुख्यमंत्री के बयान को लेकर गलत ढंग से पेश किया। मुख्यमंत्री ने जो नहीं कहा, बृजमोहन वह कह रहे हैं। मुख्यमंत्री के बयान में अपनी मंशा जोड़ना भाजपा नेता की स्तरहीन हरकत है।

श्री शुक्ला ने कहा, बृजमोहन के अनुसार मुख्यमंत्री ने यह कहा है कि रामायण की समीक्षा होनी चाहिए। जबकि मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहीं भी ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। मुख्यमंत्री ने यह कहा, रामचरित मानस का, रामायण का, भगवान राम के चरित्र का हर व्यक्ति को अध्ययन करना चाहिए, उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए। रामचरित मानस, रामायण लोगों में जागरूकता फैलाती है और लोगों के चरित्र का निर्माण करता है। मुख्यमंत्री ने रामायण, रामचरित मानस तथा भगवान राम के चरित्र का बखान करते हुए कहा, हर व्यक्ति को रामचरित मानस का पाठ करना चाहिए। बृजमोहन अग्रवाल और भाजपा के नेता सत्ता हाथ से जाने के बाद बौखला गए हैं और अपना मानसिक संतुलन खो बैठै हैं। इसलिए गलतबयानी करके निम्न स्तर की राजनीति कर रहे हैं।

श्री शुक्ला ने कहा कि मुद्दों के दिवालियापन से जूझ रहे भाजपा नेता अब कांग्रेस नेताओं के नाम पर झूठ परोसकर, जनता में भ्रम फैलाकर अपनी राजनीति करना चाह रहे हैं। बृजमोहन अग्रवाल द्वारा मुख्यमंत्री का नाम लेकर झूठ परोसा जाना सर्वथा अनुचित और निंदनीय कदम है। बृजमोहन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तथा देश के करोड़ों हिंदुओं से माफी मांगें। उन्होंने सस्ता प्रचार पाने के लिए रामायण का अपमान किया है। वे अपनी मंशा दूसरों के नाम से प्रचारित करना चाहते हैं, उन्होंने हिंदू समाज का अपमान किया है।

Tags

Next Story