प्रदेश के भाजपा नेता दिल्ली गए, आज राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक, कल कार्यसमिति

प्रदेश के भाजपा नेता दिल्ली गए, आज राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक, कल कार्यसमिति
X
भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति में शामिल होने के लिए प्रदेश भाजपा के चार नेता रविवार की रात को दिल्ली रवाना हुए। वे सोमवार को शाम चार बजे दिल्ली में राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में शामिल होंगे।

रायपुर। भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति में शामिल होने के लिए प्रदेश भाजपा के चार नेता रविवार की रात को दिल्ली रवाना हुए। वे सोमवार को शाम चार बजे दिल्ली में राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में शामिल होंगे। इसके बाद अगले दिन होने वाली कार्यसमिति की बैठक में भी शिरकत करेंगे। कार्यसमिति के तीन सदस्य सोमवार को दिल्ली जाएंगे और मंगलवार को कार्यसमिति में शामिल होंगे। कार्यसमिति में छत्तीसगढ़ सहित जिन भी राज्यों में इस साल विधानसभा के चुनाव होने हैं, इसी के साथ अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव पर भी चर्चा होगी। राज्यों के संगठनों को भी मजबूत करने के साथ छह माह की कार्ययोजना बनेगी।

राष्ट्रीय कार्यसमिति से पहले सोमवार को राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक होगी। इस बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय और नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल शामिल होंगे। ये नेता ही रविवार की रात को यहां से दिल्ली के लिए रवाना हुए। कार्यसमिति के सदस्य विष्णु देव साय जहां सोमवार को झारसुगड़ा से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। वहीं अजय चंद्राकर और लता उसेंडी रायपुर से दिल्ली जाएंगे।

आज तय होंगे एजेंडे

कार्यसमिति के पहले दिन राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में बैठक के एजेंडे तय होंगे। इसमें राजनीतिक प्रस्ताव भी रखा जाएगा। दूसरे दिन कार्यसमिति में छत्तीसगढ़, एमपी, राजस्थान, कर्नाटक, जम्मू कश्मीर सहित जिन राज्यों में विधानसभा के चुनाव होंगे, उन राज्यों को लेकर मंथन होगा। कुछ राज्यों के अध्यक्ष भी बदले जाने की चर्चा है। इस पर भी मंथन के बाद ऐलान होगा। चुनाव वाले राज्यों के प्रदेशाध्यक्ष जानकारी प्रस्तुत करेंगे। छत्तीसगढ़ की जानकारी का ब्योरा प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव प्रस्तुत करेंगे। इसी के साथ बैठक में लोकसभा चुनाव को लेकर भी रणनीति बनाकर अभी से सभी राज्यों में तैयारी की जाएगी।

प्रधानमंंत्री का भी मिलेगा मार्गदर्शन

बैठक में जाने से पहले डा. रमन सिंह ने कहा, राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में काम हो रहे हैं। बैठक में जो आगामी कार्यक्रम हैं, उसे लेकर चर्चा होगी। अभी लोकसभा में संपर्क अभियान चल रहा है। बूथ स्तर तक हम सब जा रहे हैं। आगे की कार्य योजना के लिए इस बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह सहित राष्ट्रीय नेताओं का मार्गदर्शन मिलेगा।

Tags

Next Story