भाजपा विधायकों ने कहा-ढाई-ढाई साल के फार्मूले पर स्थिति स्पष्ट करें सोनिया

भाजपा विधायकों ने कहा-ढाई-ढाई साल के फार्मूले पर स्थिति स्पष्ट करें सोनिया
X
भारतीय जनता पार्टी विधायक दल ने कांग्रेस की कार्यवाहक राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री पद के लिए ढाई-ढाई साल के फार्मूले पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।

भारतीय जनता पार्टी विधायक दल ने कांग्रेस की कार्यवाहक राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री पद के लिए ढाई-ढाई साल के फार्मूले पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। भाजपा विधायकों ने बुधवार को अपने एक संयुक्त वक्तव्य में कहा कि यदि ऐसा कुछ नहीं था तो फिर इस बारे में चल रही चर्चाओं को लेकर स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने खंडन अब तक क्यों नहीं किया? विधायकों ने कांग्रेस में इस मुद्दे को लेकर मची उथल-पुथल को सत्ता व संगठन में वर्चस्व की लड़ाई बताया है।

भाजपा विधायकों ने कहा कि कांग्रेस शासन के अब तक के कार्यकाल में मंत्री सिंहदेव खेमे की घोर उपेक्षा भी राजनीतिक चर्चाओं के केंद्र में रही है। प्रदेश सरकार में एक खेमे द्वारा मंत्री सिंहदेव की उपेक्षा और महत्वपूर्ण शासकीय निर्णयों यहां तक कि स्वास्थ्य मंत्रालय की बैठकों तक से दूर रखे जाने का नज़ारा प्रदेश ने देखा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कोरोना के संबंध में बुलाई महत्वपूर्ण बैठक में भी मंत्री सिंहदेव को जाने से रोके जाने की ख़बर सुर्खियों में रही है।

स्वयं सिंहदेव ने कई मौक़ों पर अपनी उपेक्षा का दर्द बयान किया है। मंत्री और विधायक मुख्यमंत्री पद को लेकर मचे घमासान के कारण कोई काम नहीं कर रहे, जिसका प्रभाव सीधे प्रदेश की जनता पर पड़ रहा है। अपने ही पैतरों में उल्झी कांग्रेस आनन-फानन प्रशिक्षण शिविर लगाकर, पांच विधायकों को प्रवक्ता बनाकर डैमेज़ कंट्रोल में जुटी है।

सच्चाई सामने आनी चाहिए

भाजपा विधायकों ने कहा कि अब इस बात की सच्चाई भी सामने आनी चाहिए कि मुख्यमंत्री पद के लिए आखिर क्या समझौता हुआ है। राज्य में हो रही लगातार ऐसी चर्चाओं से कामकाज भी पूरी तरह प्रभावित है। प्रदेश में सरकार के भविष्य को लेकर मची ऊहापोह से राजनीतिक अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है।


Tags

Next Story