धान खरीदी में अव्यवस्थाओं को लेकर धरने पर बैठे भाजपा कार्यकर्ता, विधानसभा तक आंदोलन करने की दी चेतावनी

धान खरीदी में अव्यवस्थाओं को लेकर धरने पर बैठे भाजपा कार्यकर्ता, विधानसभा तक आंदोलन करने की दी चेतावनी
X
राज्य सरकार द्वारा धान खरीदी में की जा रही अनियमितताओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी मण्डल भानपुरी के द्वारा ग्राम करन्दोला में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। पढ़िए पूरी खबर-

जगदलपुर। राज्य शासन द्वारा धान खरीदी में अनियमितता बरतने का आरोप लगाते हुए भाजपा मण्डल भानपुरी के कार्यकर्ताओं एवं किसानों ने एक दिवसीय धरना दिया। धरना स्थल पहुंचे किसानों ने धान खरीदी केन्द्रों में हो रही परेशानियों एवं अव्यवस्थाओं को सभी के समक्ष रखा। इस अवसर पर बस्तर के पूर्व सांसद दिनेश कश्यप ने भूपेश सरकार को चेतावनी देते हुये कहा कि अगर धान खरीदी में हो रही अनियमितताओं को जल्द दूर नहीं किया गया तो भाजपा किसानों के साथ सड़क से लेकर विधानसभा तक आंदोलन करेगी और किसानों को उनका हक दिलवा के रहेगी।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता पूर्व मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि किसानों के हक लिये हम अंतिम सांस तक लड़ेंगे और उन्हें उनका हक दिलवा के रहेंगे। केदार कश्यप ने आगे कहा कि धान खरीदी में लेटलतीफी एवं अव्यवस्थाओं से भूपेश बघेल की मंशा साफ नजर आती है कि सरकार को किसानों का धान खरीदना ही नहीं हैं।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री किरण देव ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस का इतिहास रहा है कि जनता को झूठे वादे करके सरकार बनाने का और सरकार में आने के बाद गुमराह करने का। उन्होंने आगे कहा कि- इस सरकार को दो साल निकल चुके हैं लेकिन अभी तक राज्य में किसी भी प्रकार के विकास कार्य नहीं हो रहें हैं। किसानों के साथ साथ हर वर्ग इस सरकार से त्रस्त हो चुका है।

इस दौरान धरना स्थल पर मौजूद भाजपा जिला अध्यक्ष रुपसिंग मण्डावी, श्रीनिवास मिश्रा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष विजय पांडे, मण्डल अध्यक्ष संतोष बघेल एवं किसानों ने भी संबोधित किया। धरना प्रदर्शन के बाद भाजपा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने किसानों के साथ राज्यपाल के नाम तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन।

Tags

Next Story