BJP का BIG शो : प्रदेशभर में भाजपाई सड़क पर उतरे, 'काला कानून' वापस लो के लगाए नारे, दी गिरफ्तारी

BJP का BIG शो : प्रदेशभर में भाजपाई सड़क पर उतरे, काला कानून वापस लो के लगाए नारे, दी गिरफ्तारी
X
छत्तीसगढ़ में प्रमुख विपक्षी पार्टी भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को प्रदेश के सभी जिलों में जेलभरो आंदोलन का आयोजन किया। भाजपा का यह आंदोलन राज्य सरकार के हालिया उस आदेश के खिलाफ था जिसमें ये कहा गया है कि किसी भी तरह के धरना-प्रदर्शन से पहले प्रशासकीय स्वीकृति अनिवार्य होगी।

रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रमुख विपक्षी पार्टी भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को प्रदेश के सभी जिलों में जेलभरो आंदोलन का आयोजन किया। भाजपा का यह आंदोलन राज्य सरकार के हालिया उस आदेश के खिलाफ था जिसमें ये कहा गया है कि किसी भी तरह के धरना-प्रदर्शन से पहले प्रशासकीय स्वीकृति अनिवार्य होगी। भाजपाई इसे वापस लेने की मांग कर रहे हैं। जिलों से मिली सूचना के मुताबिक लगभग सभी जिला मुख्यालयों में बड़ी संख्या में भाजपाई इस आंदोलन में शामिल हुए। राजधानी रायपुर में वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने आंदोलन का नेतृत्व किया। श्री अग्रवाल के नेतृत्व में हजारों की संख्या में भाजपाइयों ने गिरफ्तारी भी दी।

राजधानी रायपुर में भाजपा का जेल भरो आंदोलन


कोंडागांव में भाजपा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने दी गिरफ्तारी

वहीं कोंडागांव में भी जेल भरो आंदोलन कार्यक्रम में भाजपा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी दी। पूर्व मंत्री लता उसेंडी के नेतृत्व में भाजपाइयों ने प्रदर्शन किया, जिन्हें पुलिस ने नेशनल हाइवे 30 पर बैरिकेड्स लगाकर गिरफ्तार किया।


अम्बिकापुर में बीजेपी कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन

भाजपा के जेल भरो आंदोलन का समर्थन करने अम्बिकापुर में कार्यकर्ताओं ने बीजेपी कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट का घेराव करने पहुंचे हैं। इस दौरान भाजपाइयों ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने जगह-जगह बैरिकेड्स बनाया है। बता दें कि जिले के कई भाजपा नेता जेल भरो आंदोलन कार्यक्रम में शामिल हुए।


जगदलपुर में भाजपाइयों को दाखिल किया गया अस्थाई जेल में

जगदलपुर में भाजपा का जेल भरो आंदोलन शुरू हो गया है। रैली को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। कलेक्ट्रेट घेरने निकले कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बीच रास्ते में ही रोक लिया। लेकिन भाजपा कार्यकर्ता बैरिकेड्स लांघने की कोशिश कर रहे हैं। कलेक्ट्रेट घेरने निकले सभी भाजपाइयों को अस्थाई जेल में दाखिल किया गया है।


बेमेतरा में हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने दी गिरफ्तारी

बेमेतरा जिले में बड़ी संख्या में भाजपाइयों ने जेल भरो आंदोलन में हिस्सा लिया। हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी दी। बता दें कि यहां कन्या हाई स्कूल को अस्थाई जेल बनाया गया है। प्रदर्शन के दौरान भाजपा ने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाए हैं। भाजपा ने कहा कि भूपेश सरकार लोकतंत्र की आवाज को दबाने की साजिश कर रही है। आंदोलन और प्रदर्शन के लिए अनुमति लेना भूपेश सरकार का तानाशाही रवैया है।


बलरामपुर में बड़ी संख्या में भाजपाइयों ने दिया धरना-प्रदर्शन

बलरामपुर में भी भाजपा के जेल भरो आंदोलन में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। जिला मुख्यालय में स्थित हाट बाजार के पास भाजपा कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपाई मौजूद रहे। वहीं पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं।


गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में भाजपा का जेल भरो आंदोलन, प्रदेश सरकार के खिलाफ की जमकर नारेबाजी

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में आज भाजपा कार्यकर्ता जेल भरो आंदोलन में शामिल हुए। भाजपा ने भूपेश बघेल सरकार की ओर से धरना प्रदर्शन संबंधित निर्देशों के खिलाफ प्रदर्शन कर गिरफ्तारियां दी। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसे भूपेश सरकार का तानाशाही काला कानून करार दिया। गिरफ्तार होने से पूर्व कार्यकर्ता सैकड़ों की संख्या में जिला भाजपा कार्यालय में एकत्रित हुए और रैली निकालकर कलेक्ट्रेट कार्यालय का घेराव करने पहुँचे। हालांकि पुलिस की चाक चौबंद व्यवस्था के चलते भाजपाई कलेक्ट्रेट तक तो नही पहुँच सके पर पुलिस के बनाए अस्थायी जेल जरूर पहुँच गए। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।


धमतरी में सड़कों पर उतरे भाजपाई व कार्यकर्ता

धमतरी में भी आज भाजपा का जेल भरो आंदोलन का आयोजन किया गया। रामलीला मैदान में हजारों की संख्या में भाजपाई जुटे। इस दौरान कार्यकर्ताओं को पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर, धमतरी विधायक सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया। इसके बाद भाजपाई शहर में रैली निकालकर गांधी चौक पहुचेंगे। गांधी चौक में कार्यकर्ता गिरफ्तारी देंगे। वहीं भाजपा युवा मोर्चा जेल की झांकी निकालेगी।


बालोद में भाजपा ने जय स्तंभ चौक को बनाया अस्थाई जेल

राज्य सरकार के हालिया आदेश कि धरना, प्रदर्शन और रैली के लिए अनुमति लेना अनिवार्य के विरोध में बालोद जिले में भी आज भाजपा ने प्रदर्शन किया। इस दौरार जिले के पूर्व विधायक सहित तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे। भाजपा ने जिला मुख्यालय के जय स्तंभ चौक में विरोध प्रदर्शन किया और इसी जगह को अस्थाई जेल बनाया। भाजपा के प्रदर्शन को लेकर भारी तादात में पुलिस बल मौजूद रहे।

दंतेवाड़ा में भाजपा का उग्र प्रदर्शन, पुलिस बल के साथ झूमाझटकी भी

भाजपा के जेल भरो आंदोलन कार्यक्रम में आज दंतेवाड़ा में भाजपा ने उग्र प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए। भाजपाई आवराभांटा धरना स्थल से रैली निकालकर दंतेवाड़ा कलेक्टर कार्यालय घेरने के लिए निकले, जिन्हें पुलिस बल ने रास्ते में ही रोका लिया और गिरफ्तार कर स्थाई जेल में ले जाया जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान भाजपाई और पुलिस बल के साथ झूमाझटकी हो गई।


महासमुंद में भाजपा का जेल भरो आंदोलन

महासमुंद जिला मुख्यालय में स्थित लोहिया चौक पर भाजपा ने सोमवार को जेल भरो आंदोलन किया। इस दौरान प्रदेश सरकार की ओर से लगाए गए धरना, प्रदर्शन और रैली पर रोक को लेकर भाजपा ने जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में पूर्व राज्य मंत्री, पूर्व विधायक सहित कार्यकर्ता मौजूद हुए। वहीं आंदोलन रोकने ​बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात रहे।


राजनांदगांव में डॉ. रमन सिंह सहित हजारों कार्यकर्ताओं ने दी गिरफ्तारी

प्रदेशभर में हो रहे भाजपा के जेल भरो आंदोलन में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज राजनांदगांव में प्यारे लाल स्कूल में गिरफ्तारी दी। इस दौरान खूबचन्द पारख, जिला अध्यक्ष मधुसूदन यादव समेत हजारों कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया​ है। साथ ही भाजपाइयों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।





Tags

Next Story