भाजपा का नगर निगम घेराव आज : निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार और मूलभूत समस्याओं को लेकर करेंगे प्रदर्शन

भाजपा का नगर निगम घेराव आज : निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार और मूलभूत समस्याओं को लेकर करेंगे प्रदर्शन
X
अनियमितता, भ्रष्टाचार और वादाखिलाफी के मुद्दे पर भाजपा गुरुवार को नगर निगम का घेराव करेगी। भाजपा शहर जिला अध्यक्ष जयंती भाई पटेल के नेतृत्व में 70 वार्डों से 700 समस्याओं को एकत्र किया गया है। इसके लिए पार्टी ने सभी वार्डों में दो दिन नुक्कड़ सभाएं भी की है। पढ़िए पूरी खबर...

स्वप्निल गौरखेड़े/रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अनियमितता, भ्रष्टाचार और वादाखिलाफी के मुद्दे पर भाजपा गुरुवार को नगर निगम का घेराव करेगी। भाजपा शहर जिला अध्यक्ष जयंती भाई पटेल के नेतृत्व में 70 वार्डों से 700 समस्याओं को एकत्र किया गया है। इसके लिए पार्टी ने सभी वार्डों में दो दिन नुक्कड़ सभाएं भी की है। भाजपा के वरिष्ठ नेता विधानसभावार टोली बनाकर एक जगह इकट्ठा होकर घेराव के लिए निकलेंगे। जन समस्याओं को लेकर नारेबाजी, धरना प्रदर्शन कर नगर निगम आयुक्त मयंक चतुर्वेदी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। घेराव के पहले निगम के सामने सभा भी होगी। घेराव के लिए दक्षिण विधानसभा का नेतृत्व विधायक बृजमोहन अग्रवाल करेंगे। वहीं पश्चिम का नेतृत्व पूर्व मंत्री राजेश मूणत करेंगे।

भाजपा ने रायपुर नगर निगम के 10 जोन के 70 वार्डों में नुक्कड़ सभाएं कर प्रत्येक वार्ड से लिखित में वार्ड की 10 मूल समस्याएं वार्ड पार्षद और छाया पार्षद के माध्यम से मांगी। इस तरह उन्हीं 700 समस्याओं को लेकर गुरुवार को रायपुर की चारों विधानसभा से नगर निगम मुख्यालय का घेराव करने शहर के अलग-अलग स्थानों पर इकट्ठा होंगे। नेता प्रतिपक्ष मीनल चौबे ने बताया, रायपुर दक्षिण क्षेत्र के भाजपा पार्षद, वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता राजधानी के कालीबाड़ी चौक पर इकट्ठा होंगे। इसी तरह रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के वार्ड पार्षद, कार्यकर्ता व वरिष्ठ नेता आमापारा चौक, रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के जन प्रतिनिधि व पार्षद मोतीबाग चौक, इसी तरह रायपुर ग्रामीण क्षेत्र के भाजपा पार्षद, कार्यकर्ता निर्धारित स्थान पर एकजुट होंगे।

संपत्ति कर हाफ, सफाई की लचर व्यवस्था, यूजर चार्ज का उठेगा मुद्दा

नगर निगम मुख्यालय का घेराव करने जा रहा भाजपा पार्षद दल प्रदेश की कांग्रेस सरकार और परिषद में कांग्रेस के महापौर की ओर से आम जनता के संपत्ति कर हाफ करने के वादे को पूरा करने ध्यान आकर्षित कराएगा। इसी तरह यूजर चार्ज, शहर की सफाई व्यवस्था में खामी, रायपुर स्मार्ट सिटी को मिली राशि का दुरुपयोग करने पर सवाल उठाने की तैयारी में है। निगम मुख्यालय के सामने धरना प्रदर्शन और नारेबाजी के बीच आमसभा होगी। इसे रायपुर दक्षिण विधायक बृजमोहन अग्रवाल, पूर्व मंत्री राजेश मूणत, शहर अध्यक्ष जयंती पटेल, पूर्व विधायक श्रीचंद सुंदरानी, नेता प्रतिपक्ष मीनल चौबे के साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे।

Tags

Next Story