हसदेव अरण्य पर भाजपा का स्टैंड क्लीयर : पेड़ काटे जाने के खिलाफ खुलकर आई भाजपा, बृजमोहन बोले-भाजपा स्थानीय लोगों के साथ

रायपुर। हसदेव अरण्य को लेकर मची सियासत के बीच आज भाजपा ने भी इस मामले पर प्रदेश सरकार को जमकर घेरा। भाजपा के वरिष्ठ नेता बृजमोहन अग्रवाल और आदिवासी नेता केदार कश्यप ने प्रेस कान्फ्रेंस लेकर कहा कि हसदेव अरण्य में हरे-भरे पेड़ काटे जाने को लेकर आज पूरे देश में रोष है। कांग्रेस की सरकार ने आदिवासी भाइयों के साथ खिलवाड़ किया है। आदिवासियों के साथ ज्यादती हो रही है। भाजपा नेताओं ने कहा कि इसका हम कड़ा विरोध करते हैं। उनहोंने कहा कि कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने कहा है कि सरकार के निर्णय से वे खुश नहीं हैं। इस पर सोच विचार कर निर्णय किया जाएगा। वरिष्ठ भाजपाई बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि, सीएम का पर्यावरण विरोधी और आदिवासी विरोधी बयान सामने आ रहे हैं। वे पेड़ों की कटाई का समर्थन कर रहे हैं। लोगों को अंधेरे में रहने की बात कर रहे हैं। जहां पर घने जंगल नहीं हैं सामान्य भूमि है, उन जगहों के लिए अनुमति क्यों नहीं दी जा रही है। क्यों हरे-भरे जंगल को उजाड़ा जा रहा है। छत्तीसगढ़ के हितों को कांग्रेस ताक पर रख रही है। श्री अग्रवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पूरी तरीके से वनवासियों, आदिवासियों के साथ है। कोरोना काल में हम सब ने देखा है कि मनुष्य के लिए ऑक्सीजन ज्यादा जरूरी है, न कि कोयला ज्यादा जरूरी। हसदेव के जंगल अगर कट जाएंगे तो तापमान की क्या स्थिति होगी। कांग्रेस को बस जेब भरने की चिंता है। प्रकृति और वनवासियों के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। भाजपा नेताओं ने कहा कि हम स्पॉट पर गए थे, आंदोलनकारियों से मिले हैं। जहां पेड़ काटे जा रहे हैं उस जगह का निरीक्षण भी हमने किया है। यह योजना छत्तीसगढ़ को बर्बाद करने वाली योजना है। वॉटर रिसोर्स का सबसे बड़ा डैम हसदेव बांगो डैम है। वह भी इस परियोजना से प्रभावित होगा। लेमरू प्रोजेक्ट, तमोर पिंगला का एरिया कम किया गया है। जो काम पिछले कई सालों से रुका हुआ था, 3 महीने में उसका परमिशन कैसे मिल गया। सरई और साल के जंगल प्राकृतिक होते हैं, उन्हें लगाया नहीं जा सकता। हम कहते हैं झाड़ लगाएंगे, अभी तक जितनी खुदाई हुई है उस पर कितने झाड़ लगे। भाजपा नेताओं ने कहा कि छत्तीसगढ़ के वनों की रक्षा करना छत्तीसगढ़ सरकार की जिम्मेदार है। सीएम छत्तीसगढ़ की जनता को गुमराह कर रहे हैं। इनके स्वास्थ्य मंत्री कहते हैं कि अगर इस आंदोलन में गोली चली तो सबसे पहले मैं गोली खाऊंगा। हम स्वास्थ्य मंत्री से कहना चाहते हैं कि मंत्री पद से इस्तीफा देकर वनवासियों के साथ खड़े होकर लड़ाई लड़ें। आखिर क्यों हसदेव अरण्य को काटा जा रहा है, बीजेपी इसका पुरजोर विरोध करती है। भाजपा नेताओं ने कहा कि, हम छत्तीसगढ़ सरकार से सवाल करते हैं- छत्तीसगढ़ में सोलर एनर्जी पैदा करने का काम क्यों नहीं हो सकता... इस दिशा में साढ़े 3 साल में छत्तीसगढ़ सरकार ने कोई काम नहीं किया। हसदेव बांगो से 12,000 मेगावाट बिजली पैदा हो सकती है। अंत में भाजपा नेताओं ने कहा कि, आदिवासियों और वनवासियों को हम विश्वास दिलाते हैं कि संघर्ष में कंधे से कंधे मिलाकर हम उनके साथ हैं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS