सीमा हत्यकांड : नाराज परिजनों और यादव समाज ने निकाली रैली, कहा- पूरे परिवार ने मिलकर की हत्या, आरोपियों को दी जाए फांसी

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में चरित्र शंका पर पत्नी की हत्या के मामले में मृतका के परिजन भड़के हुए हैं। मृतका के परिजनों सहित यादव समाज के लोगों ने रैली निकालकर आरोपियों को फांसी देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं है, उन्हें फांसी की सजा दी जाए। शनिवार रात सैकड़ों की संख्या में पहुंचकर लोगों ने रैली निकालकर आरपियों के खिलाफ प्रदर्शन किया है। मामला जिले के बोधघाट थाना क्षेत्र का है।
दरअसल जगदलपुर के तितरकुटी की रहने वाली 22 वर्षीय सीमा यादव की 27 सितंबर को उसके पति ने चरित्र शंका के चलते गला घोंटकर हत्या कर दी थी। इसके बाद आरोपी ने अपने पिता और भाई के साथ मिलकर मृतका के शव को दफना दिया। मामले का खुलासा एक माह बाद 29 अक्टूबर को हुआ। मामले में पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर शनिवार को जेल भेज दिया है, लेकिन परिजनों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी से वे संतुष्ट नहीं हैं। पूरे परिवार ने मिलकर उनकी बेटी की हत्या की है। उनकी मांग है कि आरोपियों को जेल नहीं बल्कि फांसी की सजा दी जाए।
पूरे खानदान ने मिलकर की बेदर्दी से हत्या
इस मामले में मृतका के परिजन और यादव समाज के लोगों ने कल रात विशाल रैली निकालकर प्रदर्शन किया। इस रैली में महिलाओं की संख्या ज्यादा थी। मृतका की मां ने कहा कि पूरे खानदान ने मिलकर बेटी की बेदर्दी से हत्या की है। सभी को फांसी पर चढ़ाया जाए। तभी मेरी मृत बेटी को न्याय मिलेगा। वहीं यादव समाज के अध्यक्ष संतोष यादव ने कहा कि पुलिस का कहना है कि शंकर पांडेय ने हत्या की। उसने अपने पिता चिंतामणी पांडेय और भाई विक्रम पांडेय के साथ मिलकर शव को दफनाया, लेकिन ऐसा नहीं है। तीनों ने साथ मिलकर सीमा की दरिंदगी से हत्या की है।
क्या है पूरा मामला
दरअसल एक माह पहले आरोपी ने अपनी पत्नी की चरित्र शंका के चलते हत्या कर दी। इसके बाद अपने पिता और भाई के साथ मिलकर उसके शव को जंगल में दफना दिया। फिर सीमा के परिजनों को उसके गुमशुदा होने की झूठी जानकारी दी। जानकारी के बाद सीमा के पिता ने अपनी बेटी की गुमशुदा होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद आरोपी फरार हो गया। आरोपी के फरार होने पर पुलिस को उस पर संदेह हुआ, जिसके आधार पर मामले की जांच शुरू की। इसके करीब 1 महीने बाद 29 अक्टूबर को मामले का खुलासा हुआ। इसके बाद पिता और भाई सहित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS