VIDEO: 1.36 करोड़ के इनामी 26 माओवादियों को ढेर कर लौटे वीर जवान, शहरवासियों और साथियों ने किया ज़ोरदार स्वागत

जगदलपुर। छत्तीसगढ़- महाराष्ट्र बॉर्डर पर गढ़चिरौली में शनिवार को हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली। कमांडो फोर्स C-60 ने कुल 1.36 करोड़ के इनामी 26 माओवादियों को ढेर किया। इनमें 4 महिला माओवादी भी शामिल हैं। सभी की शिनाख्त हो चुकी है। 26 नक्सलियों के शव लेकर कमांडोज रविवार को गढ़चिरौली मुख्यालय लौटे। साथियों ने ऑपरेशन को सफल बनाने वाली टीम का ढोल बजाकर स्वागत किया।
ऑपरेशन की पूरी विजय गाथा:
गढ़चिरौली सुरक्षाबलों को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्यारापट्टी के जंगल में कई हथियारबंद हार्डकोर इनामी माओवादी मौजूद हैं। इसी सूचना के आधार पर गढ़चिरौली के सी-60 कमांडोज की टीम को शनिवार की सुबह इसी इलाके में ऑपरेशन के लिए रवाना किया गया था। जवान चारों तरफ से इस इलाके को घेर रहे थे। इस बीच सुनसान जंगल में नक्सलियों को कुछ चहल-पहल की आहट सुनाई पड़ी। ऊंचाई वाली जगह पर मौजूद नक्सलियों की नजर फोर्स पर पड़ी। जिसके बाद नक्सलियों ने फायर खोल दिया। कमांडो टीम ने भी नक्सलियों को मुहंतोड़ जवाब दिया।
जवाबी कार्रवाई में जवान एक के बाद एक नक्सलियों को ढेर कर आगे बढ़ते गए। नक्सलियों ने फोर्स पर कई UBGL भी दागे थे। दोनों तरफ से कुछ देर तक फायरिंग रुकी भी थी। तब तक टीम ने कई नक्सलियों को मार गिराया था। थोड़ी देर बाद फिर गोलीबारी शुरू हो गई। घने जंगल का सहारा लेकर कई बड़े नक्सली नेता भाग खड़े हुए। कईयों को गोली भी लगने की बात कही जा रही है। लगभग 10 घंटे तक चली इस मुठभेड़ में कमांडोज ने 26 नक्सलियों के शव बरामद किए और दूसरे दिन लौट आए।
मारे गए नक्सली:
मिलिंद उर्फ दीपक उर्फ जीवा- 50 लाख रुपए का इनाम। नक्सलियों के सेंट्रल कमेटी का सदस्य था।
महेश उर्फ शिवाजी गोटा- 16 लाख रुपए का इनाम। यह नक्सली छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा-सुकमा जिले की सरहद पर स्थित जगरगुंडा का निवासी था।
लोकेश उर्फ मंगू पोडयाम- 20 लाख रुपए का इनाम। बस्तर कंपनी कमांडर था।
जयमन और सन्नू पर 8-8 लाख रुपए का इनाम।
लच्छू और कोसा- 4-4 लाख रुपए का इनाम।
चेतन- 2 लाख रुपए का इनाम।
इसके अलावा कमांडोज ने 46 लाख के इनामी 7 माओवादी भी मारे। इनमें एक महिला माओवादी भी शामिल है, जिसकी हिस्ट्री खंगाली जा रही है।
सबसे खूंखार नक्सली मिलिंद भी मारा गया:
गढ़चिरौली एनकाउंटर में कमांडोज ने खूंखार नक्सली मिलिंद को भी मार गिराया है। इस पर 50 लाख रुपए का इनाम घोषित था। यह कई बड़ी घटनाओं में भी शामिल रहा है। यह नक्सलियों को गोरिल्ला युद्ध प्रशिक्षण देने के लिए शिविर आयोजित करता था। इससे प्रशिक्षण लिए कई लीडर आज महाराष्ट्र, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ समेत अन्य राज्य में तांडव मचा रहे हैं। मिलिंद की पत्नी भी माओवादी संगठन में थी , जिसे 2011 में गिरफ्तार किया गया था।
29 हथियार बरामद, 3 कमांडोज घायल:
गढ़चिरौली के SP अंकित गोयल ने बताया- करीब 10 घंटे तक सुरक्षाबलों और नक्सलियों की मुठभेड़ चली। 3 जवानों को भी गोली लगी। तीनों घायल जवानों को नागपुर रेफर किया गया है। उनका इलाज जारी है। घटनास्थल से टीम ने 5 AK-47, 9 SLR , 1 इंसास, 3 थ्री नॉट थ्री, 9 बारह बोर बंदूक समेत 1 पिस्टल बरामद की गई है। कुल 29 हथियार समेत भारी मात्रा में अन्य सामान भी बरामद किए गए हैं। देखिए वीडियो।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS