एग्रेसिव अग्रवाल : गोठान पहुंचे बृजमोहन... गोबर खरीदी बंद मिली तो दागे सवाल- न गोठानों में है, न बेचा गया....खरीदी है बंद...तो आखिर गया कहां गोबर...

रायपुर- गोठानों को लेकर छत्तीसगढ़ में सियासी पारा चढ़ता जा रहा है। चलबो गोठान, खोलबो पोल के अभियान के तहत प्रदेश के तमाम बड़े भाजपा नेता गोठनों का निरीक्षण करते हुए नजर आ रहे हैं। इसके अलावा ईडी की भी अलग-अलग मसलों पर छापेमारी चल रही है। इन सबको देखते हुए लग रहा है कि, इस बात का विधानसभा चुनाव काफी दिलचस्प हो सकता है। एक तरफ ईडी की छापेपारी वहीं दूसरी तरफ भाजपाइयों का गोठानों में दिखाई देना क्या छत्तीसगढ़ की राजनीति में उठापटक हो सकती है। हालांकि यह तो आने वाला विधानसभा चुनाव ही बतेएगा। इन सब के बीच पूर्व कृषि मंत्री बृजमोहन अग्रवाल गोकुल नगर और फुंडहर स्थित गौठान में पहुंचे, इस दौरान उन्होंने देखा कि, गोबर की खरीदी बंद कर दी गई है। संचालन समूहों को पैसे न मिलने, चारा, खाद का बंदोबस्त न होने जैसी स्थितियां भी सामने आई है।
गोठानों में हुआ भ्रष्टाचार- बृजमोहन
पूर्व कृषि मंत्री बृजमोहन ने गोठानों में हुए भ्रष्टाचार के मामले को उठाया, इससे पहले पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर भी इस मुद्दे को उठा चुके है। पूर्व कृषि मंत्री बृजमोहन ने कहा कि, ईडी अलग-अलग मामलों की जांच कर रही है। केंद्र सरकार और जनता के पैसों को इन गोठानों में खर्च किया जा रहा है।
कहां गया 12,64,500 किलो का गोबर...नहीं मिला जबाव
बता दें, पूर्व कृषि मंत्री बृजमोहन ने जब फुंडहर स्थित गौठान में गए तो पता चला कि, 3 महीने से गोबर की खरीदी बंद है और 12,64,500 किलो का गोबर गायब नजर आया। जब उन्होंने अफसरों से इस बात की जानकारी ली, तो निगम के कर्मचारियों ने मुस्कुराकर बात को टाल दिया। इसी संदर्भ में उन्होंने कहा कि, इतनी बड़ी मात्रा में गोबर न गौठान में कहीं दिखा न ही इसे बेचा गया तो ये गया कहां, वहीं गोठान में रहने वाले भोला नाम के एक व्यक्ति से सवाल किए गए तो उसने कहा कि, आप कृषि मंत्री रहे हैं, आप ही बताइए। इस पर माननीय बृजमोहने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि, एक गाय अगर 5 किलो गोबर भी दिन भर में देती है तो 281 जानवरों का दिन का 1405 किलो होता है। महीने का 42,150 किलो और तीन महीने से गोबर खरीदी नहीं हो रही तो तीन महीने का 12,64,500 किलो गोबर कहां रखा है। लेकिन उस वक्त वहां मौजूद सभी लोग मौन दिखाई दिए।
गोकुल नगर पहुंचे बृजमोहन...नहीं दिखी एक भी गाय
बता दें, बृजमोहन अग्रवाल अपने कार्यकर्ताओं के साथ जब गोकुल नगर इलाके में पहुंचे तो उन्होंने पाया कि, गोबर खरीदी के लिए जो केंद्र बनाया गया है। उसका संचालन करने वाली समितियां अपना काम ही छोड़ चुकी हैं। कार्य छोड़ने की असली वजह यह है कि, गोठानों में काम करने वाले कर्मचारियों को ठेकेदार पैसा नहीं देते। इसलिए महीनों से इस केंद्र में कामकाज बंद पड़ा है। ठेकेदार खुद ही गोबर लाकर रजिस्टर में एंट्री कर देते है, इसके अलावा यहां पर पानी की कोई व्यवस्था नहीं है। यानी गोधन खरीदी केंद्र पूरी तरह से खाली मिला, इस दौरान पूर्व कृषि मंत्री बृजमोहन ने देखा कि, गाय तो यहां नहीं मिली, लेकिन कुत्ते घूम रहे थे और हर जगह कचरा नजर आ रहा था।
गोठानों में बीमार मवेशियों के लिए डॉक्टर की व्यवस्था नहीं...
बता दें, जिस वक्त बृजमोहन अग्रवाल गोठानों का जायजा ले रहे थे तो उन्होंने देखा कि, बीमार बछड़े के लिए डॉक्टरों का इंतजाम नहीं है। यह बछड़ा हाल ही में जन्मा और इसे जन्म देने वाली गाय की मौत हो गई है । गौठान में मौजूद मवेशियों की बीमारियों की जांच करने के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव देखने को मिला, साथ ही 1300 करोड़ का घोटला भी मिला। राजधानी रायपुर के गौठानों के निरीक्षण के बाद बृजमोहन ने कहा कि, हर जगह हमे कुछ न कुछ कमी मिली है। इन गोठानों में साफ तौर पर यह दिखाई दे रहा है कि, यह पूरी योजना भ्रष्टाचार के मकसद से बनाई गई है। रायपुर के गौठान और गोधन खरीदी केंद्र का ये हाल है तो बाकी जगह क्या हो रहा होगा, इस पूरी योजना में 13 सौ करोड़ रुपए का घोटाला हुए है। अभी तो भाजपा ने गौठान का घोटाला उजागर किया है।
गांव, गरीब और किसानों के विकास को भाजपा पचा नहीं पा रही- सुरेंद्र
कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि, छत्तीसगढ़ में गांव, गरीब, किसानों और गोपालकों के विकास को हजम नहीं कर पा रही भाजपा, इसलिए दुष्प्रचार करती हुई दिखाई दे रही है। साथ ही कहा कि, प्रदेश में संचालित गोठानों में 1450 महिला स्व सहायता समूह की 1,71,585 बहनों को 131 करोड़ 43 लाख़ का भुगतान कर दिया गया है। इतना ही नहीं गोपालकों और समूहों को अब तक 445 करोड़ 14 लाख़ का भुगतान किया गया है। इसके अलावा 21 मई को 13 करोड़ 57 लाख भी दिए गए।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS