बजट सत्र: भाजपा का आरोप- विधायकों को विधानसभा पहुंचने से रोका जा रहा, महिला विधायकों के बीच तीखी बहस

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र चल रहा है। भाजपा विधायक शिवरतन शर्मा ने पार्टी विधायकों को रोके जाने का मामला सदन में उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विधायकों को विधानसभा आने से रोका जा रहा है। जगह-जगह बैरिकेडिंग कर दी गई है। हमारे विधायक विधानसभा नहीं पहुंच पा रहे हैं। स्पीकर डॉ. चरणदास महंत ने संसदीय कार्य मंत्री को निर्देश देते हुए कहा कि अगर ऐसा कुछ है तो निर्देश दें कि विधायकों को न रोका जाए।
मैं 10 किलोमीटर घूम कर आ रहा हूं
मंत्री रविंद्र चौबे ने कहा कि अखबारों में प्रचार हुआ 4-5 लाख लोग आने वाले हैं। विधानसभा की सुरक्षा के लिए हमेशा व्यवस्था होती है। पुलिस के द्वारा बैरिकेडिंग लगाई जाती है। किसी भी विधायकों को नहीं रोका जा रहा है। शिवरतन शर्मा ने कहा, मैं 10 किलोमीटर घूम कर आ रहा हूं।
बसपा विधायक ने भी लगाया आरोप
बसपा विधायक केशव चंद्रा ने भी विधानसभा आने से रोकने का आरोप लगाया है। केशव चंद्रा ने कहा, मैं 20 किलोमीटर घूम कर आ रहा हूं। जगह-जगह विधायकों को रोका जा रहा है। पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा, यह गंभीर विषय है विधायकों को आने से रोका जा रहा है। प्रदेश में लोकतंत्र है कि नहीं?
भीड़ नहीं आ रही है तो रोकने का बहाना
केशव चंद्रा के आरोप पर विपक्ष भड़क गया और विपक्ष के सदस्यों ने सत्तापक्ष को घेरा। इस पर स्पीकर डॉ चरणदास महंत ने गृह मंत्री को जवाब देने कहा। गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा किसी को नहीं रोका गया है। संसदीय कार्य मंत्री रविंद्र चौबे ने कहा कि सभा में भीड़ नहीं आ रही है तो रोकने का बहाना कर रहे हैं।
महिला विधायकों के बीच तीखी बहस
भाजपा विधायक रंजना साहू और कांग्रेस विधायक शकुंतला साहू के बीच सदन में जमकर तकरार हुई। जनता कांग्रेस विधायक धर्मजीत सिंह ने कहा, यहां कोई आतंकवादी हमला नहीं हो रहा है। राजनीतिक प्रदर्शन हो रहा है।
विधायकों को आने से नहीं रोका जा रहा
गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने सदन में बताया कि विधानसभा के दौरान सामान्य बैरिकेडिंग की जाती है। अन्य वाहनों को रोककर भी विधायकों के विधानसभा पहुंचने की व्यवस्था की जाती है। कहीं भी विधायकों को आने से नहीं रोका जा रहा है। फिर भी मैं अधिकारियों को निर्देश दूंगा कि विधायकों को ना रोका जाए।
बता दें कि आज भारतीय जनता पार्टी मोर आवास मोर अधिकार का नारा बुलंद करते हुए विधानसभा घेराव की तैयारी में है। ऐसे में पुलिस ने विधानसभा पहुंचने वाले रास्तों पर पहरा लगाया हुआ है।
Tags
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS