बजट सत्र : बृजमोहन और लखमा में तीखी झड़प, बृजमोहन बोले- सरकार संविधान और राज्यपाल को नहीं मानती तो चर्चा क्यों?

रायपुर। विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा जारी है। विपक्ष तीखे-तेवर दिखाते हुए हमलावर है। भारतीय जनता पार्टी के विधायक बृजमोहन ने मंत्रियों की अनुपस्थिति का मुद्दा उठाते हुए कहा कि अभिभाषण पर चर्चा में भी चार मंत्री ही मौजूद हैं। सरकार सदन को कितनी गंभीरता से लेती है स्पष्ट है।
सरकार को शर्म आनी चाहिए
सरकार संविधान और राज्यपाल को नहीं मानती तो चर्चा क्यों? हमारे संविधान में राज्यपाल कानून से ऊपर हैं। सरकार को शर्म आनी चाहिए जो राज्यपाल के खिलाफ कोर्ट गई। उस न्यायाधीश को शर्म आनी चाहिए जिसने राज्यपाल को नोटिस जारी किया। यह सरकार बहुमत के बोझ से चरमरा चुकी है। एक विधायक एसपी को दंगाई बताता है। अगर एसपी दंगाई है तो क्या उसे पद पर रहना चाहिए?
हमारी संस्कृति को खत्म किया जा रहा
सरकार संस्कृति को लेकर बड़ी-बड़ी बात करती है। बस्तर में श्मशान घाट में लोगों को दफनाने नहीं दिया जा रहा। वहां लोग परेशान हैं। हमारी संस्कृति को खत्म किया जा रहा है। आज आदिवासी अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहा है। CM के घर में हरेली मनाने से संस्कृति को संरक्षण नहीं मिलेगा। बस्तर के गांव-गांव में मांदर की थाप गूंजेगी लोग झूमेंगे नाचेंगे तब संस्कृति को संरक्षण मिलेगा।
बृजमोहन और कवासी के बीच तीखी तकरार
बृजमोहन अग्रवाल ने कहा मैं कवासी लखमा से ज्यादा बस्तरिया हूं। बस्तर को उनसे ज्यादा जानता समझता हूं। कवासी लखमा ने कहा बृजमोहन अग्रवाल झूठ बोल रहे हैं। बृजमोहन अग्रवाल ने कहा बस्तर की संस्कृति बर्बाद हो रही है। इस पर पलटवार करते हए कवासी लखमा ने कहा कि बस्तर की संस्कृति आप के समय में बर्बाद हो रही थी। हमने तो देवगुड़ी और घोटूल के लिए राशि जारी किया। हंगामे के बीच बृजमोहन ने दी इस्तीफे की चुनौती।
10 स्थगित होने के बाद सदन की कार्रवाई फिर शुरू
सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायकों के बीच नोंकझोंक के कारण सदन की कार्रवाई 10 मिनट के लिए स्थगित कर दी गई। इसके बाद सदन की कार्रवाई एक बार फिर शुरू हुई लेकिन सदन में हंगामा जारी है। बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि संस्कृति के नाम पर भ्रष्टाचार का काम इस सरकार में हो रहा है। इस सरकार में कांग्रेस के लोगों को कुछ भी करने की छूट मिल गई है।
ED दफ्तर के सामने प्रदर्शन पर भी बोले बृजमोहन
पिछले 4 दिन से पचपेड़ी नाका में कांग्रेस के लोग धरना दे रहे। आज ईडी छापा मार रही है डायरियां मिल रही है। करोड़ों की राशि जब्त हो रही है क्या यही छत्तीसगढ़ की संस्कृति है? पुलिस अधिकारी बोलते हैं बस्तर में धर्मांतरण के कारण स्थिति विस्फोटक हो रही है। चर्चा के दौरान शैलेश पांडे ने आसंदी से मांग करते हुए कहा कि भाजपा और कांग्रेस विधायकों की समिति गठित हो। समिति ईडी के दफ्तर की जांच करे।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS