महिलाओं की दबंगई : पौधे लगाने से नाराज समूह की महिलाओं ने किया हंगामा, ये वीडियो सोशल मीडिया हो रहा वायरल

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में दीनदयाल आवास के पास लाठी और कुल्हाड़ी लेकर महिलाओं ने एक युवती पर हमला कर दिया। महिलाओं ने युवती को घर से निकालकर पिटाई की। पौधे लगाने से नाराज स्व सहायता समूह की महिलाओं ने जमकर हंगामा मचाया। इस दबंगई का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। जिसमें महिलाएं मिलकर एक युवती की डंडे से पिटाई करती नजर आ रही हैं। पुलिस ने मामले में समूह की महिलाओं पर बलवा का केस दर्ज कर लिया है। यह पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के दीनदयाल कॉलोनी का है।
घर के सामने लगे पौधों को हटाने को लेकर विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, हेमीन वस्त्रकार मंगला के दीनदयाल आवासीय कॉलोनी में निवास करती हैं, उन्होंने अपने घर के सामने की जमीन को घेरकर उसमें पौधे लगाए हैं। जिसे आवासीय कॉलोनी से लगे ग्राम लोखंडी में महिला स्व सहायता समूह की महिलाएं सक्रिय हैं, जो आवासीय कॉलोनी में शासकीय जमीन पर कब्जा करने का विरोध कर रही हैं। इसके बाद रविवार दोपहर समूह की महिलाएं बड़ी संख्या में उनके घर पहुंच गईं। उसी समय महिलाएं उनके घर का दरवाजा खटखटाने लगीं। दरवाजा खोलते ही अंदर घुसकर हंगामा मचाते हुए महिलाएं गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगीं। उनका कहना था कि घर के सामने की जमीन पर जो पौधे लगाएं हैं । उसे तत्काल हटाओ। नहीं तो उसे हम तोड़फोड़ कर हटा देंगे। जिसके बाद महिला ने सिविल लाइन थाने में स्वसहायता समूह के ऊपर शिकायत दर्ज की। पुलिस ने स्वसहायता की महिलाओं के खिलाफ बलवा का जुर्म दर्ज किया है।
लाठी और कुल्हाड़ी लेकर युवती पर टूट पड़ीं महिलाएं
दरसअल ,हेमीन ने बताया है कि उनकी हरकतों का विरोध करने पर महिलाओं ने उनके साथ झूमा-झटकी करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान पड़ोसी प्रभा जायसवाल बीच-बचाव करने आई, तब उनके साथ भी मारपीट की गई। हंगामा मचाने और मारपीट करने के बाद महिलाओं ने उन्हें घर बाहर निकलने नहीं दिया और घेर लिया। परेशान हेमीन बाई और परिवार के सदस्यों ने पुलिस को डायल 112 पर कॉल किया, तब पुलिस के आने से पहले ही महिलाएं वहां से चली गई। हेमीन वस्त्रकार ने इस घटना की शिकायत की, जिस पर पुलिस ने स्व सहायता समूह की महिलाओं पर केस दर्ज कर लिया है।
महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज
बता दे कि स्व सहायता समूह की महिलाओं का हंगामा और मारपीट करने का ये वीडियो सोशल मीडिया में काफी वायरल हो रहा है, जिसमें महिलाएं हाथ में लाठी-डंडा और कुल्हाड़ी लेकर हंगामा करते हुए युवती के साथ मारपीट करती नजर आ रही हैं। जिस पर पुलिस ने स्व सहायता समूह की महिलाओं पर केस दर्ज कर लिया है। आगे मामले की जांच पुलिस कर रही है। देखें वीडियो..
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS