CG Election : कांग्रेस-भाजपा के बागियों पर बसपा, गोंगपा गठबंधन की नजर

CG Election :  कांग्रेस-भाजपा के बागियों पर बसपा, गोंगपा गठबंधन की नजर
X
छत्तीसगढ़ राज्य में भले ही अब तक कांग्रेस भाजपा के अलावा अन्य दलों को सरकार बनाने में सफलता नहीं मिली है, लेकिन तीसरी शक्ति के रूप में उभर कर सामने आने मशक्कत कर रहे इन राजनीतिक दलों ने अपनी रणनीति में कोई कसर बाकी नहीं रखी हैं। वर्तमान में विधानसभा चुनाव के पहले चरण को लेकर नामांकन दाखिले का सिलसिला शुरू हो गया है। पढ़िए पूरी खबर ...

अभिषेक शुक्ला - जांजगीर चांपा। विधानसभा चुनाव (assembly elections)के लिए टिकट वितरण को लेकर भाजपा के बाद कांग्रेस (Congress)में घमासान मचा हुआ है। बड़ी पार्टियों में प्रत्याशियों (candidates)की सूची जारी होते ही कई जगहों पर विरोध के स्वर उठने लगे हैं। ऐसी स्थिति में बहुजन समाज पार्टी (Bahujan Samaj Party)और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (Gondwana Gantantra Party)के गठबंधन की नजर बागियों पर है। यही वजह है कि कभी चुनाव से डेढ़ दो महीने पहले ही प्रत्याशी घोषित करने वाली ये पार्टियां भाजपा( BJP)के बाद कांग्रेस की सूची का इंतजार कर रही हैं। स्थिति यह है कि बसपा गोंगपा गठबंधन ने अभी सिर्फ 32 सीटों पर प्रत्याशियों का नाम तय किया है, जबकि 68 सीटों पर प्रत्याशी चयन करना शेष है। छत्तीसगढ़ राज्य में भले ही अब तक कांग्रेस भाजपा के अलावा अन्य दलों को सरकार बनाने में सफलता नहीं मिली है, लेकिन तीसरी शक्ति के रूप में उभर कर सामने आने मशक्कत कर रहे इन राजनीतिक दलों ने अपनी रणनीति में कोई कसर बाकी नहीं रखी हैं। वर्तमान में विधानसभा चुनाव के पहले चरण को लेकर नामांकन दाखिले का सिलसिला शुरू हो गया है, वहीं दूसरे चरण के लिए नामांकन की प्रक्रिया प्रारंभ होने में कुछ ही दिन शेष हैं। इसके बाद भी न केवल भाजपा प्रत्याशियों की पूरी सूची जारी हुई है, बल्कि सत्ताधारी दल कांग्रेस पार्टी ने अभी अधिकांश सीटों पर अपने पत्ते नहीं खोले हैं। इन दोनों दलों की स्थिति को देखते हुए बहुजन समाज पार्टी और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के गठबंधन ने भी अपनी पूरी सूची जारी नहीं की है।

इस बार बहुजन समाज पार्टी और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने गठबंधन किया है। इसके अनुसार 53 सीटों पर बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे तो वहीं 37 सीट गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के खाते में है। इधर प्रत्याशी चयन की स्थिति पर नजर डाली जाए तो बहुजन समाज पार्टी ने पहले 9 प्रत्याशियों की सूची जारी की थी। फिर 17 और इसके बाद चार उम्मीदवारों के नाम की घोषणा हुई है। इस तरह से बसपा ने अब तक 30 विधानसभा क्षेत्र में अपने प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं। दूसरी ओर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने सिर्फ दो प्रत्याशियों के नाम तय किए हैं। इनमें पाली तानाखार और भरतपुर सोनहत सीट से प्रत्याशी घोषित हुए हैं।इस तरह से बसपा को जहां अभी 23 उम्मीदवारों की सूची और जारी करनी है तो वहीं गोंडवाना गणतंत्र पार्टी को 35 उम्मीदवारों का नाम तय करना है। खास बात यह है कि वर्तमान में टिकट वितरण को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों में घमासान मचा हुआ है।

भाजपा ने कुछ सीटों को छोड़कर लगभग अपनी पूरी सूची जारी कर दी है। वहीं कांग्रेस में दूसरी सूची जारी करने की प्रक्रिया अंति चरण में है। इस दौरान नाम कटने या बाहरी सहित अन्य मुद्दों को लेकर दोनों पार्टियों में नेताओं के बीच उहापोह की स्थिति भी बन रही है। बस इन्हीं परिस्थितियों पर बसपा और गोंगपा गठबंधन की नजर भी है। पार्टी की अंदरूनी रणनीति से जुड़े सूत्रों की माने तो दोनों पार्टियों में निर्मित होने वाले बगावती माहौल पर पार्टी नेताओं की नजर है।ऐसे में यदि कहीं का कोई असंतुष्ट नेता अपनी पार्टी से नाता तोड़कर विकल्प की तलाश करना चाहता है, तो उनके स्वागत के लिए पार्टी भी तैयार रहेगी। यही वजह है कि कई महत्वपूर्ण सीटों पर अभी पार्टी ने अपने उम्मीदवारों के नाम तय नहीं किए हैं। माना जा रहा है कि इन जगहों पर कांग्रेस की सूची जारी होने का इंतजार हो रहा है। इसके बाद हो सकता है असंतुष्ट खेमे के नेता कोई बड़ा फैसला ले लें तो पार्टी को जिताऊ उम्मीदवार मिल जाए। इसके अलावा भाजपा में भी जहां कहीं से घोषित प्रत्याशियों के नाम का विरोध हो रहा है, वहां भी ऐन वक्त पर बागियों के विकल्प तलाशने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

जीतने वाले को बनाएंगे उम्मीदवार

प्रदेश अध्यक्ष बसपा हेमंत पोयम ने बताया कि , 90 सीटों में से 53 सीटों पर बहुजन समाज पार्टी चुनाव लड़ेंगी। 37 सीटों पर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे। बसपा से 30 उम्मीदवारों घोषित हुए हैं, गोंगपा से दो लोगों का नाम तय हुआ है। बाकी सीटों पर प्रत्याशी चयन पर विचार चल रहा है। यदि कोई हमारे दल में आना चाहता है, तो उसका स्वागत है। रही बात प्रत्याशी बनाने की तो जीतने वाले को मौका दिया जाएगा।

Tags

Next Story