CG Election :कुरुद में बरसे सीएम बघेल....गिनाये सरकार के काम, बीजेपी पर कसा तंज, कहा-गाय के नाम पर वोट मांगते और गोबर पर राजनीति करते हैं

CG Election :कुरुद में बरसे सीएम बघेल....गिनाये सरकार के काम, बीजेपी पर कसा तंज, कहा-गाय के नाम पर वोट मांगते और गोबर पर राजनीति करते हैं
X
हम देने का काम करते है लेकिन भाजपा लेने का काम करती है। भाजपा कहती है कि धान हम खरीदते है तो बनारस और हरियाणा में आप क्यों नही खरीद रहे है। पढ़िए पूरी खबर....

यशवंत गंजीर-कुरूद। नई कृषि उपज मंडी कुरूद में आयोजित संकल्प शिविर में कुरुद विधानसभा के कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों से सीएम भूपेश बघेल ने इस बार प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने में योगदान देने का संकल्प कराते हुए कहा कि, पिछली बार यहां से कांग्रेस का विधायक चुनकर भेजने में आप चूक गये थे पर इस बार नहीं चूकना है। साथ ही अपने सरकार की उपलब्धि गिनाते हुए कहा कि ऐसा कोई वर्ग नही होगा जिनको शासन की योजनाओं का लाभ न मिला हो। इस दौरान उन्होंने भाजपा की तर्ज पर कुरूद विधानसभा के कांग्रेसी बूथ अध्यक्षों को उनके नाम की, नाम पट्टिका भी भेंट की।


सीएम ने गिनाएं सरकारी योजनायें और काम

शुक्रवार को अपने तय समय से दो घण्टे देर पहुंचे सीएम भूपेश बघेल ने बिना कोई मंचीय औपचारिकता के सीधे कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि, कांग्रेस की सरकार गरीब, मजदूर, किसान, कर्मचारीयो के साथ साथ सभी वर्गों के लिए काम कर रही है। आज यहां कृषि और गौपालन लाभ का धंधा बन गया है। हिंदुस्तान में कोई सरकार नही जो गोबर खरीदती हो, सर्वाधिक कीमत में धान खरीदती हो। हमारे योजनाओं से आज आम जनता की आर्थिक वृद्धि हो रही है लेकिन केंद्र की भाजपा सरकार महंगाई बढ़ाकर उन्हें कमजोर बनाने का काम कर रही। सीएम ने आगे कहा कि, हम देने का काम करते है लेकिन भाजपा लेने का काम करती है। भाजपा कहती है कि धान हम खरीदते है तो बनारस और हरियाणा में आप क्यों नही खरीद रहे है। जहां भाजपा की डबल इंजन की सरकार है वहां सिर्फ नफरत और हिंसा ही पनपती है। एक तरफ मणीपुर जल रहा है, तो दूसरी तरफ हरियाणा में दंगे हो रहे हैं।

विपक्ष पर बरसे सीएम बघेल

सीएम बघेल ने कहा कि, हमारी सरकार किसानों की भरोसे बनी है, उनसे जो वादा हम किये उसे हर हाल में पूरा करते रहेंगे। इसलिए इस बार 2800 रुपये प्रति क्विंटल एवं 20 क्विंटल प्रति एकड़ के हिसाब से धान खरीदी का निर्णय लिए है। लेकिन यहां के नेता कहते है कि छग के किसान 20 क्विंटल धान पैदा नही करते तो क्या आप लोग धान की तस्करी करते है। उन्हें छग की पहचान, परंपरा व संस्कृति से भी नफरत है। गाय के नाम से वोट मांगने वाले लोग गोबर पर राजनीति करते है। इसलिए इन्हें सबक सिखाना है। पिछली बार आप लोग यहां से कांग्रेस के विधायक चुनकर भेजने में चूक गये थे लेकिन इस बार नही चूकना है। इस अवसर पर कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी, विधानसभा उपाध्यक्ष संतराम नेताम, मुख्यमंत्री के सलाहकार विनोद वर्मा के अलावा विधानसभा कुरूद, जिला धमतरी व प्रदेश के कांग्रेसी पदाधिकारीगण व बड़ी संख्या में कार्यकर्तागण उपस्थित थे।

Tags

Next Story