CG Election : डॉ. रमन ने 9 लाख में लड़ा चुनाव, कवासी साढ़े पांच लाख, चंदन कश्यप ने तीन लाख भी खर्च नहीं किए

- पहले चरण की 20 सीटों के लिए प्रत्याशियों के खर्चों का हिसाब, दिग्गजों ने बताया- बहुत कम खर्च हुआ
- चुनाव आयोग ने 40 लाख रुपए की लिमिट तय की है, लेकिन ज्यादातर ने बताया आधे से भी कम खर्च
रायपुर। छत्तीसगढ़ में चुनाव (Elections)खत्म हो गया। दो चरणों में हुए चुनाव में प्रत्याशी अपना-अपना खर्च चुनाव आयोग को बता रहे हैं। पहले चरण के सभी प्रत्याशियों (candidates)ने खर्च बता दिया है। वैसे तो माना जा रहा है कि चुनाव बहुत खर्चीला रहा, लेकिन आयोग के पास जो जानकारी है वह इस धारणा के बिल्कुल विपरीत है। कुछ प्रत्याशियों ने दौर में भी महज कुछ लाख रूपयों में ही चुनाव लड़ लिया। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह (Chief Minister Dr. Raman Singh) ने आयोग के पास जो जानकारी भेजी है उस लिहाज से उन्होंने 9 लाख 15 हजार 310 रुपए में चुनाव लड़ लिया है। जबकि गिरीश देवांगन (Girish Dewangan) ने अपना खर्च 13 लाख 33 हजार 787 रूपए बताया है।
उल्लेखनीय है कि, चुनाव आयोग ने खर्च की सीमा 40 लाख रुपए तय की है। लेकिन किसी भी उम्मीदवार ने अपना खर्च तीस लाख रुपए से ज्यादा नहीं बताया है। अधिकतर 20 लाख या उससे बहुत कम खर्च में चुनाव लड़ना बता रहे हैं। मसलन, बस्तर के कांग्रेस प्रत्याशी लखेश्वर बघेल ने 18 लाख 39 हजार 162 रूपए लगाए तो उनके खिलाफ भाजपा प्रत्याशी मनीराम कश्यप ने मात्र 5 लाख 50 हजार 732 रुपयों का हिसाब आयोग को दिया है। जगदलपुर सीट से भाजपा प्रत्याशी किरण देव सिंह ने 14 लाख 59 हजार 161 तो उनके प्रतिद्वंदी कांग्रेस के जतिन जायसवाल का खर्च 16 लाख 49 हजार 302 रुपए बताया गया है।
मोहन मरकाम का खर्च 8 लाख, लता उसेंडी का 3 लाख 61 हजार, केदार कश्यप का खर्च साढ़े चार लाख कोंडागांव के कांग्रेस प्रत्याशी कांग्रेस सरकार के मंत्री मोहन मरकाम ने 8 लाख 17 हजार 680 रुपए खर्च किए तो भाजपा की लता उसेंडी ने 3 लाख 61 हजार, 932 रुपयों का हिसाब दिया है। नारायणपुर के भाजपा प्रत्याशी पूर्व मंत्री केदार कश्यप ने 4 लाख 56 हजार 840 रुपए खर्च किए तो कांग्रेस के चंदन कश्यप मे महज 2 लाख 69 हजार 675 रुपये में चुनाव लड़ा। डोंगरगढ़ सीट के कांग्रेस प्रत्याशी हर्षिता राम बघेल ने 11 लाख 9 हजार 642 रूपए खर्च करना बताया है। उनके खिलाफ भाजपा प्रत्याशी विनोद खांडेकर का खर्च 20 लाख 50 हजार 997 रूपए रहा।
40 लाख रूपए है लिमिट
छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों को चुनाव में खर्च करने लिए 40 लाख रुपये की लिमिट तय है। खास बात ये है कि प्रत्याशी बनने के बाद से लेकर मतदान होने तक की स्थिति में प्रत्याशियों को रोजाना अपने खर्चे का ब्योरा आयोग को देना होगा। खर्च की गई रकम का पाई-पाई का हिसाब देना होता है। चुनाव आयोग ने खर्च की जाने वाले राशि में भी ये भी तय रखा है कि अगर किसी कार्यकर्ता को नाश्ता भी कराएंगे तो नाश्ते का कितना पैसा खर्च में जुड़ेगा। इसके अलावा पार्टी के लिए खर्च की भी लिमिट है।
दीपक बैज का खर्च 25 लाख 46 हजार
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद दीपक बैज को चित्रकोट सीट से विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए 25 लाख 46 हजार 64 रुपए लगाने पड़े। उनके सामने भाजपा के प्रत्याशी विनायक गोयल के 11 लाख 41 हजार, 432 रुपए का हिसाब दिया है।
सावित्री मंडावी का खर्च केवल 3.81 लाख
भानुप्रतापपुर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी सावित्री मंडावी ने अपने खर्च का हिसाब दिया है 3 लाख 81 हजार 709 रूपए। जबकि भाजपा प्रत्याशी गौतम उईके ने 4 लाख 51 हजार 888 रुपये का हिसाब पेश किया है। दोनों ने ही पांच लाख रुपए से कम का हिसाब चुनाव आयोग को दिया है।
लखमा ने खर्च किए 5.52 लाख
भूपेश सरकार के हाईप्रोफाइल मंत्री कवासी लखमा ने बेहद कम खर्च बताया है। श्री लखमा ने जानकारी दी है कि कोटा सीट पर इस बार का चुनाव लड़ने के लिए 5 लाख 52 हजार 381 रूपए लगाने पड़े। उनके सामने खड़े भाजपा प्रत्याशी सोयम मुका ने 5 लाख 76 हजार, 164 रूपए खर्च किए। पंडरिया सीट से कांग्रेस प्रत्याशी नीलकंठ चंद्रवंशी ने 11 लाख 48 हजार 545 रूपए लगाए तो वहीं से भाजपा प्रत्याशी भावना वोहरा ने 10 लाख 84 हजार 262 रुपयों में चुनाव लड़ा।
अकबर का खर्च केवल 19 लाख
कवर्धा सीट पर सबकी निगहें टिकी हुई थीं। भाजपा और कांग्रेस ने जमकर जोर लगाया। बड़ी बड़ी सभाएं और रोड शो हुए। लेकिन आंकड़ों के हिसाब से उतना खर्च नहीं हुआ। कांग्रेस प्रत्याशी और सरकार के मंत्री अकबर भाई ने 19 लाख 2 हजार 945 रुपयों का हिसाब दिया तो उनके सामने चुनाव लड़ने वाले भाजपा प्रत्याशी विजय शर्मा ने 7 लाख 81 हजार 318 रुपए लगाकर चुनाव लड़ा। कांकेर कांग्रेस सीट से कांग्रेस के शंकर धुर्वा ने 4 लाख 74 हजार 79 रूपयों में चुनाव लड़ा तो भाजपा प्रत्याशी आशाराम नेताम ने इस चुनाव के लिए 6 लाख 61 हजार 668 रूपए खर्च करके मुकाबला किया।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS