CG Election : दिग्गजों ने छत्तीसगढ़ में बनाया चुनावी माहौल, चारों तरफ सभाएं ही सभाएं

भिलाई। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव (assembly elections )को लेकर कांग्रेस (Congress)और भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party) ने पूरी ताकत झोंक दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi,), गृहमंत्री अमित शाह (Home Minister Amit Shah), कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (Congress National President Mallikarjun Kharge), पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (former President Rahul Gandhi )और महासचिव प्रियंका गांधी(General Secretary Priyanka Gandhi), लगातार छत्तीसगढ़ में चुनावी माहौल को गरमाने में लगे हुए हैं। आम आदमी पार्टी (AAP)के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल व पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की जोड़ी भी छत्तीसगढ़ में आप के लिए संभावना ढूंढ रही है।
आचार संहिता लगने से पहले ही छत्तीसगढ़ की राजनीति राष्ट्रीय नेताओं के तूफानी दौरों से उफान पर आ गई है। कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता जहां राज्य सरकार की उपलब्धियां गिना कर केंद्र पर वार कर रहे हैं वहीं भाजपा की ओर से राष्ट्रीय नेता राज्य में व्याप्त भ्रष्टाचार पर तीखा हमला बोलकर राज्य सरकार की वादा खिलाफी पर पलटवार कर रहे हैं। कांग्रेस भाजपा के बीच जारी जंग में आप भी संभावनाओं के बीच केंद्र सरकार पर हमलावर है। सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के केंद्र मे इस समय बस्तर, सरगुजा और बिलासपुर संभाग है।
भाजपा की कमान मोदी और शाह ने संभाली
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के मुहाने पर खड़ा है। 4 अक्टूबर बुधवार को राज्य में मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद किसी भी पल आदर्श चुनाव आचार संहिता की घोषणा के साथ ही चुनाव की तारीखों का ऐलान हो सकता है। इसके पहले ही राज्य में चुनावी माहौल दिखने लगा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारतीय जनता पार्टी के प्रमुख चेहरे के तौर पर चुनावी समर में कूद पड़े हैं। 7 जुलाई को साइंस कॉलेज रायपुर में सरकारी कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी आए और भाजपा द्वारा आयोजित जनसंभा को भी सम्बोधित किया। सितंबर महीने में ही रायगढ़, बिलासपुर में प्रधानमंत्री मोदी की सभाएं हो चुकीं है।14 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी स्टील नगरी रायगढ़ के कोडातराई में बड़ी चुनावी सभा कर लोगों से कांग्रेस सरकार को सत्ता से बेदखल करने की अपील कर चुके हैं। 30 सितंबर को बिलासपुर में परिवर्तन रैली के समापन अवसर पर साइंस कॉलज ग्राउंड में मोदी ने हुंकार भरी थी और 3 अक्टूबर को प्रधानमंत्री मोदी ने बस्तर के लाल मैदान से रेल परियोजना और नगरनार स्टील प्लांट की सौगात को दी।
मोदी सभाओं में कांग्रेस को जमकर आडे हाथों ले रहे हैं। मोदी के भाषणों में राज्य में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर तीखा शब्दबाण होता है। पीएससी घोटाले की आड़ में युवाओं को छलने का आरोप भी मोदी राज्य सरकार पर लगा चुके हैं। मोदी के साथ ही गृहमंत्री अमित शाह का सतत दौरा भी छत्तीसगढ़ में हो रहा है।22 जून को शाह ने दुर्ग के रविशंकर स्टेडियम में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया था। 5 जुलाई और 22 जुलाई को रायपुर आकर अमित शाह ने कार्यकर्ताओं को रिचार्ज किया था । 27 सितंबर को रायपुर में शाह ने पार्टी के राज्य के टॉप लीडरों के साथ बैठक की थी। अमित शाह ने राज्य सरकार के खिलाफ आरोप पत्र जारी कर जारी कर गंभीर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। शाह ने कोल लैण्ड, लिकर स्कैम पर राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया। भाजपा के राष्ट्रीय जगत प्रकाश नड्डा भी लगातार छत्तीसगढ़ के कोने-कोने में सभाएं ले रहे हैं। 11 फरवरी 2023 को नड्डा का पहला दौरा बस्तर में हुआ। बस्तर में सभा लेने के बाद 30 जून 2023 को बिलासपुर 15 सितंबर को जशपुर 27 सितंबर को रायपुर में नड्डा आए ।
राहुल, प्रियंका और खड़गे के लगातार दौरे
भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं ने छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान राज्य सरकार को निशाने पर रखा वहीं छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार की वापसी के लिए कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व भी बेहद संजीदा है यह बताने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी लगातार छत्तीसगढ़ के दौरे पर है। बड़ी-बड़ी जनसभा के साथ ही भरोसे का सम्मेलन भी कर रहे हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे बीते 7 महीने में 5 बार छत्तीसगढ़ आ चुके हैं। 25 फरवरी को रायपुर में राष्ट्रीय अधिवेशन के बाद 13 अगस्त को जांजगीर-चांपा, 8 सितंबर को राजनांदगांव ठेकवा, 28 सितंबर कोबलौदाबाजार व 4 अक्टूबर को रायगढ़ में हुंकार भर चुके हैं। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी 2 सितंबर को राजीव युवा मितान सम्मेलन और 25 सितंबर को मुख्यमंत्री ग्रामीण विकास न्याय योजना का शुभारंभ करने बिलासपुर पहुंचकर बड़ी जनसभा को सम्बोधित कर चुके हैं। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी 13 अप्रैल को बस्तर में भरोसे का सम्मेलन और 21 सितंबर को जयंती स्टेडियम भिलाई में राज्य स्तरीय महिला समृद्धि सम्मेलन को सम्बोधित किया। 6 अक्टूबर को प्रियंका गांधी की बस्तर संभाग के कांकेर में जनसभा प्रस्तावित है। कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं ने छत्तीसगढ़ की जनसभाओं में राज्य की कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों का बखान किया वहीं केंद्र की मोदी सरकार की जन विरोधी नीतियों पर निशाना साधा। राहुल ने युवा सम्मेलन और प्रियंका ने महिला सम्मेलन में जमकर छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति के करीब होने का एहसास कराया।
आप भी खोज रही है राजनीतिक संभावना
कांग्रेस और भाजपा के दिग्गज राष्ट्रीय नेताओं की बड़ी जनसभाओं को बीच आम आदमी पार्टी अपने हजारों कार्यकर्ताओं की पोशिदा ताकत को एकजुट करने बिलासपुर रायपुर और बस्तर- जगदलपुर में जनसभा कर आम आदमी को गारंटी देने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवत मान ने भी सभाएं की। सभाओं में आप ने छत्तीसगढ़ की जनता का नब्ज टटालने का प्रयास किया। छत्तीसगढ़ में आचार संहिता के पहले लगातार दिग्गज नेताओं के तूफानी सफर से राजनीतिक पारा चढ़ गया है। आमतौर पर चुनावी तारीखों के ऐलान के बाद राष्ट्रीय नेताओं का दौरा व सभा प्रदेश में होती रही है लेकिन इस बार तारीखों के ऐलान के पहले ही चुनावी समर में राष्ट्रीय नेताओं के कूदने से छत्तीसगढ़ के चुनाव परिणाम का राजनीतिक महत्व बढ़ गया है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS