CG NEWS : मौसम ने बिगाड़ा धान का मिजाज, नमी ज्यादा होने के कारण सोसाइटियों में कम पहुंचे किसान

- खराब मौसम के कारण मंगलवार को नहीं हो पाई थी सोसाइटियों में धान खरीदी
रायपुर। मौसम खुलते ही सहकारी सोसाइटियों (cooperative societies)में फिर धान खरीदी (paddypurchased)शुरू हो गई, लेकिन बेमौसम बारिश एवं ठंडी हवा ने धान का मिजाज बदल दिया है, जिससे धान में नमी की मात्रा भी बढ़ गई है। इसका असर सोसाइटियों में धान खरीदी पर भी पड़ा। सोसाइटियों में गाइड लाइन के अनुसार 17 प्रतिशत से ज्यादा नमीयुक्त धान की खरीदी पर प्रतिबंध लगाया गया है, वहीं मौसम में आए बदलाव से ज्यादातर किसानों के धान में नमी की मात्रा बढ़ गई है। इसके कारण बुधवार को जिले की सोसाइटियों में अन्य दिनों की तुलना में बहुत कम किसान धान बेचने पहुंचे।
हार्वेस्टिंग से कटाई के कारण भी धान में नमी की मात्रा ज्यादा
सेजबहार-बोरियाकला सोसाइटी के अध्यक्ष विजय ठाकुर ने बताया कि दोनों सोसाइटी में धान खरीदी आज जारी रही। सोमवार को जिन किसानों को टोकन जारी किया गया था, उन किसानों से धान खरीदा गया। उन्होंने बताया कि धान की कटाई जारी है। कई किसान हार्वेस्टिंग से धान की कटाई करा रहे हैं, जिसके कारण धान में नमी की मात्रा ज्यादा पायी जाती है। इस वजह से किसान भी धान लेकर सोसाइटी में कम पहुंच रहे हैं। किसानों को धान को पहले सुखाना पड़ रहा है, जिसमें कम से कम 3-4 दिन लग जाते हैं।
सोमवार को टोकन लेने वाले किसानों का खरीदा गया धान
जिलेभर में 139 सहकारी सोसाइटियों में किसानों से समर्थन मूल्य । पर धान की खरीदी की जा रही है। मौसम खराब होने के कारण 28 नवंबर को जिले में कहीं भी धान खरीदी नहीं हो पाई थी। मौसम खुलते ही धान खरीदी फिर शुरू हो गई। हालांकि आज उन्हीं किसानों का धान खरीदा गया, जिनका टोकन 27 नवंबर को काटा गया था। इनमें भी कई किसानों के धान में नमी का प्रतिशत 17 प्रतिशत से ज्यादा हो जाने के कारण वे अपना धान बेच नहीं पाए। वे किसान अपना धान सुखाने में जुटे रहे।
माना सोसाइटी में नहीं हो पाई खरीदी जांच में निर्धारित से ज्यादा नमी मिली
माना सोसाइटी समिति के अध्यक्ष टेकराम बघेल ने बताया कि मौसम खराब होने के बाद सोसाइटी में मंगलवार से धान खरीदी बंद रखी गई। उन्होंने बताया कि सोसाइटी में बारिश से बचाने के लिए इंतजाम किए गए हैं, लेकिन थोड़ी बहुत जो कमी है, उसे भी आज दूर कर लिया गया। वहीं जिन किसानों को टोकन जारी किया गया था। उनमें कई किसान धान बेचने लाने से पहले उसकी नमी की जांच कराने नमूना लेकर पहुंचे थे। जांच में सभी का धान 17 प्रतिशत से ज्यादा नमीयुक्त पाया गया। इसके कारण उन्हें धान सुखाने के बाद लाने के लिए कहा गया है।
कितने सोसाइटियों में खरीदा गया या नहीं, बता पाना मुश्किल
जिला सहकारी बैंक के मैनेजर सुनील ठाकुर ने कहा कि, मौसम खुलने के बाद जिले में धान खरीदी शुरू कर दी गई है, लेकिन कितनी सोसाइटियों में धान खरीदा गया और कितनी सोसाइटियों में धान नहीं खरीदा गया, यह बता पाना मुश्किल है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS