CG Politics : सीएम, डिप्टी सीएम आज दिल्ली में करेंगे मोदी, शाह और नड्डा से मुलाकात

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय (Chief Minister Vishnudev Sai), उपमुख्यमंत्री अरुण साव (Deputy Chief Ministers Arun Sao)और विजय शर्मा (Vijay Sharma) रविवार को दोपहर दो बजे नियमित विमान से दिल्ली (Delhi)के लिए उड़ान भरेंगे। शपथ ग्रहण के बाद इनका यह पहला दिल्ली दौरा है। दिल्ली में ये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं के साथ सौजन्य मुलाकात करेंगे। मुलाकात के दौरान मंत्रिमंडल पर मंथन संभव है। विधानसभा सत्र के बाद ही कैबिनेट के विस्तार की संभावना है। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद अब तक मंत्रिमंडल का गठन नहीं हो सका है। दस दिसंबर को विष्णुदेव साय को मुख्यमंत्री बनाने के बाद 13 दिसंबर को मुख्यमंत्री के साथ दो उपमुख्यमंत्रियों को शपथ दिलाई गई। इसके पहले इस बात की चर्चा थी कि मंत्रिमंडल भी शपथ लेगा। लेकिन भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने मंत्रिमंडल के गठन को हरी झंडी ही नहीं दी। केंद्रीय नेतृत्व ने तय किया है कि मंत्रिमंडल को लेकर कोई जल्दबाजी नहीं है।
विधानसभा अध्यक्ष के लिए डा. रमन आज करेंगे नामांकन
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए रविवार को विधानसभा पहुंच कर नामांकन दाखिल करेंगे। नामंकन दाखिले के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा भी साथ रहेंगे। नामांकन दाखिल कराने के बाद मुख्यमंत्री और दोनों उप मुख्यमंत्री दिल्ली के लिए रवाना होंगे। विधानसभा सत्र में नए विधायकों को शपथ दिलाने के लिए प्रोटेम स्पीकर रामविचार नेताम को राजभवन में रविवार को सुबह 10.30 बजे राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन शपथ दिलाएंगे। राजभवन में शपथ ग्रहण कार्यक्रम के बाद पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह विधानसभा पहुंचकर विधानसभा सचिव दिनेश शर्मा के समक्ष विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करेंगे। नामंकन दाखिले के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा और पार्टी के कई विधायक मौजूद रहेंगे। उल्लेखनीय है कि सत्र के दौरान 19 दिसंबर को विधायकों को शपथ दिलाने के बाद नए स्पीकर के चुनाव की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद से देंगे इस्तीफा
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा देंगे। संभावना है कि वे 20 दिसंबर तक भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को अपना इस्तीफा सौंप देंगे। डा. रमन को छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष बनाए जाने की संभावना है। प्रदेश में 2018 में डॉ. रमन सिंह को भाजपा का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया था। वे लगातार पांच सालों तक वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रहे हैं। भाजपा में जेपी नड्डा के बाद उनकी संगठन में बड़ी अहमियत रही है। उनको केंद्रीय नेतृत्व ने कई बार बड़ी-बड़ी जिम्मेदारियों दी है। उनको एक बार भाजपा के दिल्ली के केंद्रीय कार्यालय में झंडा भी फहराने का मौका दिया गया था। इसी के साथ कुछ अवसरों पर भाजपा की राष्ट्रीय बैठक के बाद डॉ. रमन सिंह को ही बैठक के बारे में मीडिया को जानकारी देने की जिम्मेदारी दी गई। कई राज्यों में उनको संगठन ने कई तरह की जिम्मेदारियों देकर भेजने का काम किया है। अब प्रदेश में भाजपा सरकार की एक बार फिर से वापसी होने के बाद डा. रमन सिंह को विधानसभा अध्यक्ष बनाया जा रहा है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS