ED के खुलासों पर बोले चंदेल- सरकारी संरक्षण से भ्रष्टाचार में आकंठ डूबा छत्तीसगढ़ का प्रशासन तंत्र, सीएम से मांगा इस्तीफा...

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के नए नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने ईडी की ओर से की जा रही कार्यवाही को लेकर शनिवार को प्रेस वार्ता ली। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश में 11 तारीख से लगाकर ईडी की कार्यवाही हो रही है। सीएम भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनी है। छत्तीसगढ़ का प्रशासन तंत्र भ्रष्टाचार के आकंठ में डूबा हुआ है। सरकार के संरक्षण में भ्रष्टाचार हो रहा है। आर्थिक भ्रष्टाचार किया जा रहा है। सरकार के संरक्षण में अधिकारी लगातार भ्रष्टाचार कर रहे हैं। सत्ता पक्ष के नेता उसकी मॉनिटरिंग करते हैं। उन्होंने कहा कि ईडी की कार्यवाही से पहले उसका सर्वे होता है, जिसमें यह पाया गया कि यहां कार्यवाही करना ज़रूरी है। यानि आईटी की रेड में पाया गया कि ईडी के लायक कार्यवाही होनी चाहिए। इसलिए ईडी ने कार्यवाही की। मुख्यमंत्री के बयान पर नारायण चंदेल ने सवाल करते हुए कहा कि ईडी की कार्यवाही से सीएम इतनी विचलित क्यों हो रहे हैं? हैरान परेशान क्यों है? क्या सीएम अधिकारियों को बचाना चाहते है? ईडी को राजनीति से जोड़कर चर्चा करना अच्छी नहीं है।
भ्रष्टाचारी निलंबित तक नहीं हुए
नारायण चंदेल ने कहा कि प्रदेश में रेत माफिया, कोल माफिया, भू माफिया और लगातार नए-नए माफिया पनप रहे हैं। प्रतिदिन करोड़ों की काली कमाई हो रही है और यह केवल सत्ता के संरक्षण में हो रहा है। खुद सरकार के मंत्री जयसिंग अग्रवाल ने ही 5 से 6 महीने पहल प्रमाणित किया था कि कोरबा कलेक्टर भ्रष्टाचार कर रहे हैं। हर विभाग में भ्रष्टाचार हो रहा है। इस पर मंत्री ने ही मुहर भी लगाई थी। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण बात यह है कि जिन अधिकारियों को हिरासत में लिया गया है उन पर निलंबन की कोई कार्यवाही नहीं हुई है। मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार में निलंबित करने की बात अभी तक नहीं की है।
सीएम से मांगा इस्तीफा
नेता प्रतिपक्ष चंदेल ने कहा कि मुख्यमंत्री से हमारी मांग है कि तत्काल सभी अधिकारियों को निलंबित करने की कार्यवाही की जाए। क्योंकि यह पूरा मामला खनिज विभाग से संबंधित है इसलिए मुख्यमंत्री को भी इस पद पर रहने का कोई अधिकार नहीं है। उनके विभाग में इतना भ्रष्टाचार हो रहा है, दो से तीन करोड़ रुपए के अवैध वसूली की जा रही है। उन्होंने कहा कि जब भ्रष्टाचार प्रमाणित हो गया है तो हमारा यह आग्रह है कि मुख्यमंत्री को सामने आकर जनता के समक्ष यह बात रखनी चाहिए। सीएम भूपेश बघेल को भी अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। नेता प्रतिपक्ष ने सवाल किया है कि क्या यह तार दिल्ली से जुड़े हुए हैं? ईडी के छापे से सरकार में बेहिसाब भ्रष्टाचार सामने आया है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS