चंद्राकर के बड़े बोल : कहा- यह विधानसभा का आखिरी सत्र, कांग्रेस को दिन में तारे दिखाएंगे

चंद्राकर के बड़े बोल : कहा- यह विधानसभा का आखिरी सत्र, कांग्रेस को दिन में तारे दिखाएंगे
X
श्री चंद्रकार ने कहा कि, हम चुनावी हिंदुत्व की बात नहीं करते, हम चुनाव के समय दत्तात्रेय गोत्र, जनेऊ कान में लगाते हुए नहीं दिखाते। हमारी आस्थाएं दिखाने के लिए नहीं हैं। राम मंदिर हमारा 600 साल का संघर्ष है और भी ऐसे प्रतीक हैं देश में। उन्होंने और क्या-क्या कहा... पढ़िए..

स्वप्निल गौरखेड़े-रायपुर। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव अब करीब है। चुनाव से पहले विधानसभा का आखिरी सत्र शीत सत्र की शुरुआत भी जल्द होने वाली है। शीत सत्र की तैयारियों के लिए आज भाजपा विधायक दल की बैठक होने वाली है। बैठक को लेकर पार्टी के मुख्य प्रवक्ता अजय चंद्राकर ने कहा है कि, यह आखिरी सत्र है। कांग्रेस को दिन में तारे दिखाना है। श्री चंद्राकर ने कहा कि, सरकार के 5 साल की उपलब्धियां क्या-क्या रहीं, ये विधानसभा में भाजपा गिनाएगी।

कांग्रस के वरिष्ठ नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम के गांधी जी को सबसे बड़ा हिंदू कहने पर श्री चंद्राकर ने कहा कि, आचार्य जी और विवेक तनखा जी अपने प्रदेश के हालात पर चर्चा कर लें। कांग्रेस की आइडियोलॉजी क्या है... यह विवेक तनख़ा बताएं। महात्मा गांधी ने आजादी के बाद कांग्रेस को विसर्जित करने की बात कही थी। हिंदुत्व की बात है तो विवेक तनख़ा जी वकील हैं, उन्हें सुप्रीम कोर्ट के जजमेंट को देख लेना चाहिए। जो परिभाषा गढ़ते हैं आचार्य प्रमोद कृष्णम जी, उन्हें 14 जनवरी को रामलला के दर्शन के लिए आमंत्रित करूंगा।

हम कांग्रेसियों की तरह चुनावी हिंदू नहीं

आचार्य प्रमोद कृष्णम के बीजेपी हिंदुत्व की बपौती है वाले बयान पर श्री चंद्राकर ने कहा कि, किसी ने नहीं कहा की बपौती है। सुप्रीम कोर्ट ने जो व्यवस्था दी है, उसे स्वीकार करते हैं। श्री चंद्रकार ने कहा कि, हम चुनावी हिंदुत्व की बात नहीं करते, हम चुनाव के समय दत्तात्रेय गोत्र, जनेऊ कान में लगाते हुए नहीं दिखाते। हमारी आस्थाएं दिखाने के लिए नहीं हैं। राम मंदिर हमारा 600 साल का संघर्ष है और भी ऐसे प्रतीक हैं देश में।

सुकमा के हालात इनको नहीं दिखते

श्री चंद्राकर ने कहा कि, सुकमा में आदिवासी समाज के लोग दूसरे धर्म के साहित्य को जला रहे हैं। यह ना आचार्य जी को दिखेगा, ना विवेक तंखा जी को दिखेगा और ना ही सरकार को दिखेगा। यह चुनावी लोग हैं, सरकार जानती कुछ नहीं है।

केवल राजनीतिक आरोप मढ़ते हैं

इंदिरा प्रियदर्शनी बैंक घोटाले के मामले में सीडी और FSL रिपोर्ट पुलिस को सौंपे जाने पर श्री चंद्राकर ने कहा- सरकार आज तक केवल बोलती रही। पूरे छत्तीसगढ़ के लोग जानते हैं, अगर हिम्मत है तो जो आरोप लगाते हैं, उन सब के लिए भी जांच करा दें। जिन पर आरोप लगाते हैं उन पर कार्यवाही करें। कौन मना किया है, केवल राजनीतिक इस्तेमाल करेंगे।

बूथ चलो नहीं, पहले दिल्ली चलो चलाएं कांग्रेसी

कांग्रेस के बूथ चलो अभियान पर मुख्य प्रवक्ता अजय चंद्राकर ने कहा कि, आज से बूथ चलो अभियान शुरू हुआ है, तो अब तक कहां दिल्ली चलो था... इसके पहले कांग्रेस के नेताओं को दिल्ली चलो करना चाहिए। उनके प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम जी की कुर्सी खतरे में है। तीसरी– चौथी पंक्ति के नेता हैं, उनके बीच उठापटक है। अभी पहले अपने पैर मजबूत कर लें।

Tags

Next Story