पूर्व सैनिकों की भर्ती में घोटाला, मामला पहुंचा ईओडब्ल्यू में

पूर्व सैनिकों की भर्ती में घोटाला, मामला पहुंचा ईओडब्ल्यू में
X
63 पदों पर होनी थी भर्ती, बगैर सूचना दिए ही दूसरे वर्गों से कर लिया चयन, 2017 में जारी विज्ञापन में निर्धारित नियम शर्तों के उल्टे रिजर्व कोटे की बदल दी गई सीट

रायपुर. कृषि संचालनालय रायपुर में 2018 के दौरान पूर्व सैनिकों के लिए रिजर्व 63 पदों पर किसी दूसरे विभाग से भर्ती कराए जाने का मामला फिर गरमाने लगा है। मामले में अब ईओडब्ल्यू के पास शिकायत दर्ज कराकर दोषी अफसरों और कर्मचारियों पर कार्रवाई की भी मांग की गई है। टीआई ईओडब्ल्यू को दी गई शिकायत में सामाजिक कार्यकर्ता उचित शर्मा ने बताया कि आरएईओ के लिए 63 पद स्वीकृत किए जाने के बाद भर्ती पूर्व सैनिक के कोटे से होनी थी, लेकिन अफसरों ने इसके विपरीत दूसरे विभागों से ही रिक्त पदों में भर्तियां करा दीं।

संचालनालय कृषि रायपुर द्वारा 2017 में ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी 650 पदों पर भर्ती करने इश्तेहार जारी किया गया था। कुल पदों में 63 पद भूतपूर्व सैनिकों के लिए आरक्षित किया गया। नियम के अनुसार अफसरों को पूर्व सैनिकों के लिए ही पात्रता तय करनी थी, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया, बल्कि दूसरे विभागों से भी रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी करा ली। आरोप है, इस दौरान अधिकारियों ने आर्थिक लाभ कमाने की नीयत से बड़ा षड्यंत्र भी रचा। मामले में ईओडब्ल्यू एसपी पंकज चंद्रा का कहना है, फिलहाल उन्हें भी शिकायत होने की जानकारी मिली है। मामले से जुड़े सारे दस्तावेज अभी नहीं मिले हैं। हालांकि भर्ती और इसमें गड़बड़ी करने के मामले में विभाग खुद ही जांच कर सकता है। ऐसे केस में फाइल विभाग को भेज दी जाएगी।

इस तरह से गड़बड़ी करने का आरोप

रिजर्व 63 पद पूर्व सैनिकों से न भरकर संचालनालय स्तर के अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा अधिकार न होने के बावजूद मनमाना तरीका अपनाया। निजी स्वार्थवश अन्य वर्गाें से सीधी भर्तियां करा लीं। इसके लिए सक्षम प्राधिकार कृषि संचालनालय न होकर मंत्रालय सामान्य प्रशासन विभाग है। कृषि व स्थापना शाखा के प्रभारी अधिकारी ही इसके लिए जिम्मेदार हैं।

दस्तावेज नहीं पहुंचे

मामले में अगर शिकायत हुई होगी, अभी पूरे दस्तावेज हमारे पास नहीं हैं। कृषि संचालनालय में भर्ती में गड़बड़ी करने का मामला है, तो फाइल वहां भी भेजी जाएगी। पहले जांच वहां से होगी। अगर आर्थिक अपराध के सबूत मिले, तो ईओडब्ल्यू कार्रवाई करेगा।

- पंकज चंद्रा, एसपी ईओडब्ल्यू

Tags

Next Story