बीजेपी का सैलजा कुमारी से सवाल, भ्रष्टाचार खत्म करेंगी या पूर्व प्रभारी के पदचिन्हों पर चलेंगी

भाजपा रायपुर संभाग प्रभारी व विधायक सौरभ सिंह ने कांग्रेस की छत्तीसगढ़ प्रभारी कुमारी सैलजा के आगमन पर उनका स्वागत करते हुए सवाल किया है कि वे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के संरक्षण में चल रहे भ्रष्टाचार और तानाशाही के विरुद्ध अपने दायित्व का निर्वहन करेंगी या फिर पूर्व कांग्रेस प्रभारी के पदचिन्हों पर चलेंगी? उन्होंंने पूछा है कि कांग्रेस की नई प्रभारी कुमारी सैलजा क्या गुटों में बंटी हुई कांग्रेस को जोड़ने के लिए कांग्रेस जोड़ो यात्रा छत्तीसगढ़ से शुरू करेंगी?
विधायक सौरभ सिंह ने कहा कि राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों व मुख्यमंत्री की उपसचिव पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप हैं। ईडी उनकी संपत्ति अटैच कर रही है। कई दिनों की ईडी हिरासत के बाद वे विगत 15 दिनों से न्यायिक हिरासत में हैं। मुख्यमंत्री उनके पक्ष में बयानबाजी करते हैं। स्पष्ट है कि वे आरोपी उपसचिव को संरक्षण देकर जांच को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं। कांग्रेस की सरकार भ्रष्टाचार का कवच बनी हुई है। इसका अर्थ है कि सरकार भ्रष्टाचार में शामिल है अथवा उसके ही इशारे पर यह भ्रष्टाचार हो रहा है। कुमारी सैलजा बताएं कि वे भ्रष्टाचार की पक्षधर हैं या छत्तीसगढ़ की जनता की पक्षधर हैं? सैलजा क्या अपने नेताओं पर कोई कार्रवाई करेंगी?
मंत्रियों ने ही लगाए गंभीर आरोप
उन्होंने कहा, छत्तीसगढ़ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मंत्री टीएस सिंहदेव ने अपनी ही सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए पंचायत विभाग से इस्तीफा दे दिया। एक और वरिष्ठ मंत्री जयसिंह अग्रवाल लगातार अपनी सरकार के अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते रहे हैं। कांग्रेस सरकार के अंदरूनी मतभेदों से छत्तीसगढ़ की जनता का भारी नुकसान हुआ है। सैलजा का इस पर क्या कहना है?
वादे कब पूरे होंगे जनता को दें जवाब
उन्होंने कहा, छत्तीसगढ़ की जनता से किए गए वादे भूपेश बघेल सरकार से पूरे कराने की जिम्मेदारी अब उनकी है। जनता उनसे जवाब चाहती है कि जन घोषणापत्र के वादे पूरे क्यों नहीं किए गए। अब सैलजा अपने मुख्यमंत्री से पूछें और जनता को जवाब दें अन्यथा जनता अब कांग्रेस को करारा जवाब देने तैयार है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS