छत्तीसगढ़ में पंजाब जैसे हालात नहीं, हम मिल-जुलकर काम कर रहे- स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस नेतृत्व वाली सरकार के नेतृत्व के लिए ढाई-ढाई साल वाले मामले में स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने साफ किया है कि छत्तीसगढ़ में पंजाब जैसे हालात नहीं हैं। यहां हम सब लोग साथ मिलकर पार्टी आलाकमान के निर्देश पर काम कर रहे हैं।
श्री सिंहदेव ने शुक्रवार शाम मीडिया से चर्चा के दौरान ये बातें कहीं। इससे पहले कांग्रेस सरकार के प्रवक्ता मंत्री रविंद्र चौबे ने बयान दिया था कि छत्तीसगढ़ में ढाई-ढाई साल के मुख्यमंत्री का कोई फार्मूला नहीं है। यहां की कांग्रेस सरकार मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में अपने पांच साल का कार्यकाल पूरा करेगी। श्री बघेल ही राज्य में कांग्रेस का चेहरा हैं।
दरअसल राज्य की सियासत में ढाई-ढाई साल के नेतृत्व वाली बात एक चर्चा और अफवाह के रूप में उस समय से चल रही है जब कांग्रेस पार्टी राज्य के मुख्यमंत्री पद के लिए नाम तय करने की प्रक्रिया में थी। चर्चा में ये बात सामने आई थी कि सरकार के ढाई साल पूरे होने के बाद मुख्यमंत्री बदल दिए जाएंगे। 17 जून को राज्य सरकार के कार्यकाल के ढाई साल पूरे हो रहे हैं। इधर सियासी हल्कों में ढाई साल के मुद्दे की चर्चा है। इसे लेकर ही श्री चौबे ने सरकार की ओर से स्थिति स्पष्ट करने के लिए अपनी बात रखी।
सिंहदेव ने जारी किया बयान
ढाई साल के मामले को लेकर प्रदेश में गरमाई सियासत के बीच राज्य के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने मीडिया से चर्चा के दौरान अपनी बात स्पष्ट रूप से सामने रखी। उन्होंने कहा है कि छत्तीसगढ़ पंजाब की तरह नहीं छत्तीसगढ़ अपने हिसाब से चलेगा। हमारे हाईकमान के निर्णय के अनुसार हम लोग साथ मिलकर काम कर रहे हैं और उनके मार्गदर्शन में काम करते हैं। हमें साथ काम करने के लिए हमारे शीर्ष नेतृत्व सोनियाजी, राहुलजी ने जवाबदारियां दी हैं। वे जैसी जवाबदारियां सुनिश्चित करेंगे हम लोग वैसा ही काम करेंगे।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS