छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनी ने श्याम प्रासद ताप संयंत्र को दिया सर्वश्रेष्ठ विद्युत गृह का पुरस्कार

छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनी ने श्याम प्रासद ताप संयंत्र को दिया सर्वश्रेष्ठ विद्युत गृह का पुरस्कार
X
छत्तीसगढ़ स्टेट पाॅवर कंपनीज ने डाॅ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत गृह कोरबा पूर्व को इस वर्ष का सर्वश्रेष्ठ ताप विद्युत गृह का पुरस्कार दिया है।

हरिभूमि न्यूज : छत्तीसगढ़ स्टेट पाॅवर कंपनीज ने डाॅ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत गृह कोरबा पूर्व को इस वर्ष का सर्वश्रेष्ठ ताप विद्युत गृह का पुरस्कार दिया है। चेयरमैन अंकित आनंद ने इस यूनिट को तीन लाख रुपए का पारितोषिक व प्रमाणपत्र प्रदान किया। इस विद्युत गृह ने वर्ष 2021-22 में 89.23 पीएलएफ के साथ 3908.428 मिलियन यूनिट के विद्युत उत्पादन करने का उत्कृष्ट कार्य किया। संयंत्र के अतिरिक्त मुख्य अभियंता शैलेन्द्र शर्मा ने यह सम्मान ग्रहण किया।

डगनिया मुख्यालय में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में बेहतर कार्य के लिए छह संभागों को 50-50 हजार रुपए का पुरस्कार प्रदान किए गए। श्री आनंद ने कहा, पाॅवर कंपनी के सभी कर्मचारियों-अधिकारियों ने मिलकर यह उपलब्धि हासिल की है। इस कार्य में प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से योगदान देने वाले सभी कर्मियों को बधाई व शुभकामनाएं। इस अवसर पर पॉवर कंपनीज के प्रबंध निदेशक उज्जवला बघेल, मनोज खरे, एसके कटियार तथा कार्यपालक निदेशक व मुख्य अभियंता विशेष रूप से उपस्थित थे।

दंतेवाड़ा संभाग को न्यूनतम ट्रांसफार्मर फेलुअर का पुरस्कार

समारोह में न्यूनतम ट्रांसफार्मर फेलुअर का पुरस्कार डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के कार्यपालन अभियंता(संचारण एवं संधारण) संभाग दंतेवाड़ा को दिया गया। ईई पीके शुक्ला ने यह सम्मान प्राप्त किया। सर्वोत्तम राजस्व प्रबंधन का पुरस्कार कार्यपालन अभियंता (संचारण एवं संधारण) संभाग धमतरी को प्रदान किया गया, जिसे कार्यपालन अभियंता वीके शर्मा ने ग्रहण किया। इसी तरह न्यूनतम लाइन लॉस बनाए रखने के लिए पुरस्कार कार्यपालन अभियंता (संचारण एवं संधारण) संभाग नारायणपुर को प्रदान किया गया। कार्यपालन अभियंता एचके ध्रुव ने यह पुरस्कार टीम की ओर से ग्रहण किया। सर्वोत्तम उपकेन्द्र संभाग का पुरस्कार ईई उपकेन्द्र संभाग एक गुढ़ियारी रायपुर को दिया गया। यह पुरस्कार ईई धनेश कुमार देवांगन ने ग्रहण किया।

लाइन संधारण का पुरस्कार भिलाई को

ट्रांसमिशन कंपनी में सर्वोत्तम (लाइन संधारण) संभाग का पुरस्कार कार्यपालन अभियंता (अति उच्च दाब-लाईन संधारण) संभाग भिलाई को प्रदान किया गया। यह पुरस्कार ईई राजेश सिंह एवं एई एसपी मंडावी ने ग्रहण किया। इसी तरह सर्वश्रेष्ठ सिविल संभाग का पुरस्कार कार्यपालन अभियंता(सिविल) संभाग, ट्रांसमिशन कंपनी रायपुर को प्रदान किया गया, जिसे आरएल साहू द्वारा ग्रहण किया गया। इसके अतिरिक्त सुरक्षा विभाग के कर्मियों के उत्साहवर्धन के लिए बेस्ट टर्न आउट 2023 पुरस्कार मुख्य सुरक्षा सैनिक, अशोक कुमार लाठिया रायपुर, कार्यभारित सुरक्षा सैनिक सुरेश कुमार सूर्यवंशी मड़वा, निजी सुरक्षा सैनिक ऋषिकेश वर्मा रायपुर एवं मोहर दास रायपुर को दिया गया। वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी आरके साहू, प्रभुशरण सिंह व बैंड मास्टर ताराचंद बेन को भी सम्मानित किया गया।

Tags

Next Story