छत्तीसगढ़िया ओलंपिक हरेली से : मुख्यमंत्री ने किया महात्मा गांधी हार्टिकल्चर यूनिवर्सिटी के शुभारंभ का ऐलान, कई घोषणाएं भी की

धमतरी। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के तहत बुधवार को धमतरी विधानसभा के ग्राम भटगांव पहुंचे। यहां उन्होंने कुल 137 करोड़ रुपए से ज्यादा की लागत के 154 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसमें 13 करोड़ 97 लाख 75 हजार रुपए के 28 कार्यों का लोकार्पण और 123 करोड़ 63 लाख 22 हजार रुपए के 126 कार्यों का शिलान्यास शामिल है। भंवरमरा, देमार, खम्हरिया, डाही से डांडेसरा और मड़वापथरा से बरपानी मार्ग पर उच्च स्तरीय पुल का शिलान्यास किया गया।
इस दौरान सीएम भूपेश ने पाटन में महात्मा गांधी हार्टिकल्चर यूनिवर्सिटी का शुभारंभ 21 मई से करने का ऐलान किया है। भेंट-मुलाकात कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के शहादत दिवस 21 मई को गोधन न्याय योजना व राजीव गांधी भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना की राशि का वितरण किया जाएगा। किसानों को राजीव गांधी किसान न्याय योजना की चौथी किस्त भी दी जाएगी।
छत्तीसगढ़िया ओलंपिक हरेली से होगी शुरू
सीएम बघेल ने कहा कि इस साल हरेली से छत्तीसगढ़िया ओलंपिक खेलों की शुरुआत होगी। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में पहली बार 1 से 3 जून तक आयोजित किए जा रहे राष्ट्रीय रामायण महोत्सव 2023 में सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रशासनिक प्रमुखों को पत्र भेजकर उनसे उनके राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों के रामायण प्रदर्शन समूहों की भागीदारी का आग्रह किया है। सीएम ने पत्र में लिखा है कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की भागीदारी से इस राष्ट्रीय रामायण महोत्सव की भव्यता और गरिमा बढ़ेगी। राष्ट्रीय रामायण महोत्सव के अंतर्गत प्रतियोगी कार्यक्रम होंगे। इसमें प्रस्तुत की जाने वाली नृत्य नाटिका का विषय महाकाव्य रामायण के अरण्यकांड पर आधारित होगा। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ के रामलीला मैदान में राष्ट्रीय रामायण महोत्सव का आयोजन होगा। देश के विभिन्न राज्यों की मानस मंडली और विदेशी दलों की ओर से रामायण पर केंद्रित प्रस्तुति दी जाएगी। राष्ट्रीय रामायण महोत्सव में सामूहिक हनुमान चालीसा और भव्य केलो आरती का आयोजन भी किया जाएगा।
हितग्राहियों को दिया गया प्रतीकात्मक तौर पर सामग्री और चेक
मुख्यमंत्री श्री बघेल ने ग्राम भटगांव में भेंट-मुलाकात के दौरान हितग्राहियों को प्रतीकात्मक तौर पर सामग्री और चेक का वितरण किया। इनमें स्वास्थ्य विभाग की ओर से राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (चिरायु) के तहत 5 हितग्राहियों को सामग्री वितरण, जल संसाधन विभाग की ओर से 23 नवनियुक्त उप अभियंताओं को नियुक्ति पत्र, राजस्व और आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से 30 हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत प्रमाण पत्र दिया गया। कार्यक्रम के दौरान सीएम भूपेश बघेल ने कई घोषणाएं भी की है।
भटगांव में भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में की गई घोषणाएं
1. आमदी में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोला जाएगा।
2. ग्राम पंचायत भटगांव के औद्योगिक प्रशिक्षण केन्द्र का नामकरण स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. मनराखन देवांगन के नाम पर किया जाएगा।
3. ग्राम तुमराबहार व देवपुर में उप स्वास्थ्य केन्द्र खोला जाएगा।
4. ग्राम मोंगरागहन में जिला सहकारी बैंक की शाखा खोली जाएगी।
5. ग्राम पंचायत भटगांव के मौली माता मंदिर का जीर्णोद्धार और विभिन्न निर्माण कार्य कराया जाएगा, सड़क निर्माण कार्य भी कराया जाएगा।
6. ग्राम देवपुर के हाई स्कूल का हायर सेकेण्डरी में उन्नयन किया जाएगा।
7. विधानसभा क्षेत्र के आत्मानंद स्कूलों में आवश्यक निर्माण व मरम्मत कार्य कराया जाएगा।
8. भटगांव गौठान में प्राकृतिक पेंट इकाई स्थापना के लिए मशीनरी और उपकरण क्रय किए जाएंगे।
9. महानदी मुख्य नहर के आरडी 390 से 1000 मीटर तक और आरडी 1000 मीटर से 15,000 मीटर तक लाइनिंग और मरम्मत कार्य की प्रशासकीय स्वीकृति दी जाएगी।
10. भोयना जलाशय के बांध और नहरों का जीर्णोद्धार कार्य, सीसी लाइनिंग और पक्के संरचनाओं का निर्माण कार्य कराया जाएगा।
11. मोंगरागहन व्यपवर्तन के बियर, गेट और नहरों का मरम्मत कार्य कराया जाएगा।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS