मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा पर साधा निशाना, भाजपा घड़ियाली आंसू बहा रही

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक बार फिर राज्यपाल, भाजपा और पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह को घेरा है। उन्होंने कहा, भाजपा केवल दो-तीन मुद्दों पर घड़ियाली आंसू बहाती है। हाल ही में पूर्व सीएम रमन सिंह ने अध्यादेश के मामले को लेकर ट्वीट किया था, जिसका जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, इन लोगों की आदत है, चीजों को तोड़मरोड़ कर बताया जाए। वह कोई और बिल है, यह कुछ और बिल है। यह विधानसभा से पारित बिल है। सीएम भूपेश बघेल ने आरक्षण संशोधन विधेयक पर राज्यपाल और भाजपा की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, जिस बिल पर कर्नाटक में हस्ताक्षर हो सकते हैं, उसी बिल पर छत्तीसगढ़ में क्यों नहीं।
जगदलपुर रवाना होने से पहले हैलीपेड में पत्रकारों से चर्चा में उन्होंने राज्यपाल के अधिकारों को लेकर कहा, जो आरक्षण है देश में लागू है, इनको हस्ताक्षर करने में क्यों तकलीफ हो रही है। जब आप कर्नाटक में कर सकते हैं तो यहां क्यों नहीं कर सकते। कर्नाटक के राज्यपाल के अलग दायित्व हैं और यहां के राज्यपाल के अलग दायित्व हैं क्या ? क्योंकि कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है, इसलिए हस्ताक्षर कर दिया गया, तो यह दोहरा चरित्र कैसे चलेगा। आरक्षण के मामले में भारतीय जनता पार्टी का दोहरा चरित्र उजागर हुआ है।
विधानसभा में तो अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग और ईडब्ल्यूएस के लिए आरक्षण सर्वसम्मति से पास कर दिया गया, लेकिन राजभवन के माध्यम से लटका रखा है। राज्यपाल उसे स्वीकृत करके हस्ताक्षर करें, ताकि यहां के हजारों लाखों लोगों को आरक्षण का फायदा मिले।
जरूरी नहीं क्वांटिफिएबल डाटा देना
क्वांटिफिएबल डाटा को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा, क्वांटिफिएबल डाटा देना कोई जरूरी नहीं है। जो बिल विधानसभा का है, उसमें आर्टिकल 200 के हिसाब से फैसले होंगे। या तो उसमें राज्यपाल की ओर से हस्ताक्षर किया जाए या वापस किया जाए। उसमें यह भी लिखा है कि जितनी जल्दी हो सके, हस्ताक्षर कर दिया जाए। यह दिसंबर तक का फैसला था। आज 25 जनवरी हो गया। कितने दिन तक लटका कर रखा जाएगा। अधिकारों में कोई उल्लंघन नहीं होना चाहिए।
पूर्व सीएम रमन सिंह पर हमला
पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह पर व्यंग्य कसते हुए भूपेश बघेल ने कहा, रमन सिंह तो हमेशा से एक टुकड़ा पकड़कर, कहीं की बात कहीं जोड़ने की कोशिश करते हैं। उस दिन मैंने बागेश्वर धाम के लिए एक बात कही थी कि जो साधना करेगा, उसे सिद्धि मिल जाती है और सिद्धि मिल जाने से उसका दुरुपयोग नहीं होना चाहिए। यह रामकृष्ण परमहंस ने भी कहा, भगवान राम ने भी कहा था। मैंने यह भी कहा कि चाहे कोई फकीर हो, पीर हो या जो चंगाई सभा करते हैं। यह हमारे हिंदुओं में भी जो इस तरह का प्रदर्शन करते हैं, यह उचित नहीं है।
यह मैंने कहा आपको यदि उसे यह रब दिखाई दे रहा है, तो उसको सपने ही वही आते हैं। रमन सिंह को 24 घंटे इसी तरह के सपने आते हैं। अच्छा काम यह हुआ है कि नड्डाजी नहीं हैं। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय में झंडा फहराने का मौका मिला है। पहली बार उन्हें कोई कार्य मिला है। मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं कि इसी तरह उन्हें काम मिलता रहे।
रासुका पर योगी को घेरा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, दो-तीन बातें हैं, जिसमें भाजपा घड़ियाली आंसू बहा रही है। उत्तर प्रदेश में यदि छत भी गिर जाए, तो इंजीनियर पर रासुका लग जाता है। और तो और हद हो गई जब बच्चे परीक्षा देने जाते हैं और यदि नकल करते हुए पकड़े जाते हैं, तो उसमें भी रासुका लग जाता है। मोदी और शाह के बाद सबसे बड़े नेता योगी आदित्यनाथ और भी हर मामले में रासुका लगा रहे हैं। बच्चों पर नकल करने पर उस पर रासुका लगा रहे हैं। यह जानकारी है और यहां वे घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS