मुख्यमंत्री भूपेश बोले- सीएम होने के नाते आज ही सब शराब दुकान बंद करा सकता हूं लेकिन...

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रविवार को प्रजापिता ब्रम्हकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ओर से राजधानी रायपुर स्थित शान्ति सरोवर में आयोजित नशामुक्त भारत अभियान के तहत ’नशा मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान’ के शुभारंभ समारोह में शामिल हुए। इस दौरान नशा मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान को लेकर सीएम बघेल ने बयान दिया है। उन्होंने कहा कि 2018 में महिलाओं का दवाब था कि शराबबंदी हो। उनकी सभा में था, हमने भी घोषणा कर दी। भेंट मुलाकात में भी शराबबंदी की मांग होती है, लेकिन ये केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है। मुख्यमंत्री होने के नाते आज ही सब शराब दुकान बंद करा सकता हूं, लेकिन क्या ये समस्या का समाधान होगा? श्री बघेल ने कहा कि, महीनों के लॉकडाउन में लोग शराब का इंतजाम कर ले रहे थे, कुछ नहीं मिला तो सेनेटाइजर पी गए। फिर मेरी हिम्मत नहीं हुई की मैं शराबबंदी की घोषणा कर दूं। नशेड़ी जिंदा है तो सुधार की उम्मीद है, मर जाए तो कोई विकल्प नहीं।
सीएम भूपेश ने कहा कि, महिलाएं शराबबंदी पर दोनों हाथ उठाती हैं, लेकिन गुड़ाखू पर चुप हो जाती हैं। बाल या युवा अवस्था में नशे की शुरुआत होती है। आगे जीवन की कड़वाहट उसे और बढ़ाती है। नशा मुक्त अभियान का मैं स्वागत करता हूं। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी के अभियान को सरकार पूरा सहयोग देगी। नशा मुक्त समाज होना ही चाहिए।
शिवराज सिंह घूमते कम है, बोलते ज्यादा हैं
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के एमपी में डकैती, नक्सली घटना खत्म हो गई है, लेकिल महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में बढ़े हैं बयान पर भूपेश बघेल ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि, शिवराज सिंह घूमते कम है, बोलते ज्यादा हैं। नक्सलियों पर दबाव पड़ा है तो कान्हा की तरफ गए हैं। नक्सली मध्यप्रदेश में प्रवेश कर रहे हैं, वो उल्टा बोल रहे हैं। नक्सली नेता और कमांडर छुपने के लिए छत्तीसगढ़ आते हैं।
बजरंगबली का आशीर्वाद हमें मिला : बघेल
भाजपा महासंपर्क अभियान पर सीएम बघेल ने कहा कि, ओम माथुर बुजुर्ग नेता है, उनका सम्मान है। साढ़े 4 साल यहां के नेता सोते रहे, अब बुजुर्ग नेता को यहां दौरा कराएंगे। आखिरी समय में दौरा से कोई फायदा नहीं मिलेगा। छत्तीसगढ़ चुनाव में भी बजरंगबली दुश्मन की नली तोड़ेंगे क्या? बजरंगबली हमेशा सच और धर्म के साथ हैं। अन्यायी और अत्याचारियों को परास्त करते हैं। कर्नाटक में हुआ और आगे भी यही होने वाला है। भाजपा के साथ बजरंगबली नहीं है। बजरंगबली का आशीर्वाद हमें मिला।
कानून से सामाजिक दोष ठीक नहीं कर सकते : शर्मा
वहीं नशा मुक्त अभियान कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे कांग्रेस विधायक सत्यनारायण शर्मा ने कहा कि, छत्तीसगढ़ का नशा मुक्त होना बहुत जरूरी है। छोटे बच्चे सोल्यूशन, ड्रग्स के आदि बन रहे हैं। यहां भी शराब बंदी होना जरूरी है। मेरे घर के बगल में 3 लोग दारू पीकर मर गए। 5 राज्यों में शराबबंदी हुई है, लेकिन फिर भी आसानी से मिल रही है। कानून से सामाजिक दोष ठीक नहीं कर सकते। अभियान व जागरूकता से नशा छुड़ाया जा सकता है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS