CM बघेल का बीजेपी पर तंज, हमारे कार्यकाल में नहीं हो रही फर्जी एनकाउंटर और गिरफ्तारी, इसलिए उन्हें तकलीफ

हरिभूमि न्यूज, रायपुर: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा नेता संबित पात्रा के छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार के नक्सलियों को बढ़ावा देने वाले बयान पर पलटवार करते हुए कहा, क्या उनके गृह मंत्री इस बात से सहमत हैं? उनके बयान से भारत सरकार सहमत है? भाजपा के कार्यकाल में आदिवासियों को नक्सली बताकर एनकाउंटर किए जाते थे। काले कानून अधिनियम के तहत जेल में ठूंस दिया जाता था। फर्जी एनकाउंटर और फर्जी गिरफ्तारियां हमारे कार्यकाल में नहीं हो रही है, इसलिए उन्हें तकलीफ हो रही है।
मुख्यमंत्री ने संवाददाताओं से चर्चा के दौरान सांसद मनोज तिवारी के इंडिया गठबंधन पर सनातन धर्म खत्म करने के आरोप पर कहा, सनातन है क्या जानते हैं वो? विभिन्न टीवी इंटरव्यू में मैंने कहा है सनातन में गुरु-शिष्य परंपरा है। जितने उपनिषद-वेद हैं, उसमें देखें। महाभारत में अगर अर्जुन सवाल नहीं करते, तो गीता जैसा महान ग्रंथ हमें नहीं मिलता। हमारे विश्व गुरु सवालों से कतराते हैं, प्रश्नों से घबराते हैं। कोई प्रश्न पूछ दे, तो पलायन कर जाते हैं।
छत्तीसगढ़ में फिर आएगी कांग्रेस सरकार
मनोज तिवारी के बयानों पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, इसका मतलब मान तो रहे हैं कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस मजबूत है। भारतीय जनता पार्टी बहुत कमजोर है। हम ओवर कॉन्फिडेंस में नहीं हैं, छत्तीसगढ़ के लोगों का यह आत्मविश्वास है। छत्तीसगढ़ में फिर से कांग्रेस की सरकार आएगी।
भाजपा के पास कोई विजन नहीं
सौगातों को चुनावी झुनझुना बताने वाले भाजपा के बयान पर मुख्यमंत्री ने कहा, हर विधानसभा में गया हूं। भाजपा किस दिशा में ले जाना चाहती है, यह जनता ने देख लिया है। उनके पास कोई विजन नहीं है। हमारे कारण बोलते हैं। कैबिनेट में धान खरीदी को लेकर मुहर लगाई है। 20 क्विंटल धान खरीदी की जाएगी। मार्कफेड को बैंक गारंटी दी गई है। 14 हजार करोड़ का लोन लेकर वह किसानों के धान खरीद सकें।
गुजरात मॉडल का क्या लाभ मिला
मुख्यमंत्री ने कहा, गुजरात मॉडल को लेकर पूरे देश में 2014 में सत्ता में आए। रायपुर में लोग बता सकते हैं क्या कि उन्हें क्या लाभ मिला। ट्रेन कहीं चल नहीं रही है। ट्रेन रद्द होने की सूचना मिल रही है, ट्रेन डिले चल रही है। यात्री ट्रेनों को रद्द किया जा रहा है। जनता महंगी दरों पर यात्रा कर रही है।
छत्तीसगढ़ में पहले ही मान ली हार
वहीं भाजपा द्वारा केंद्रीय मंत्री, सांसद बने हुए थे, उनको अगर विधानसभा में उतारे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा, भाजपा ने मध्यप्रदेश में अपनी हार स्वीकार कर ली है। छत्तीसगढ़ में पहले ही उन्होंने हार मान ली है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS