मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा- भाजपा सीधे नहीं लड़ पा रही, तो ईडी के अफसर कर रहे थर्ड डिग्री टॉर्चर

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा के कथित भ्रष्टाचार के आरोपों का जवाब दिया। उन्होंने खुलासा करते हुए कहा, ईडी के अफसर यहां लोगों को थर्ड डिग्री का इस्तेमाल कर टॉर्चर कर रहे हैं। उन्होंने कहा, भाजपा खुद कुछ कर नहीं पाई, तो ईडी को ले आई। वो अब लोगों को गिरफ्तार कर रहे हैं, हम तो कहते हैं जो भ्रष्ट हैं, उन पर कार्रवाई करो, मगर मारपीट क्यों कर रहे हो, मार-मार के हां बोलने को कहरहे हैं। जबरन हस्ताक्षर करने को कह रहे हैं, प्रताड़ित कर रहे हैं। एक उद्योपति को इतना मारा कि वो अभी भी अस्पताल में है। कितने लोग हैं जिनके हाथ-पैर में चोट आई। ये थर्ड डिग्री टॉचर्र कर रहे हैं। इसका मतलब यही है कि आप जबरदस्ती भ्रष्टाचार सिध्द करना चाह रहे हैं।
साजा विधानसभा के भेंट मुलाकात में रवाना होने से पहले पत्रकारों से चर्चा में मुख्यमंत्री ने कहा, हम तो शुरू से बोल रहे हैं कि जो गलत हैं, ऐसे लोगों पर कार्रवाई करो, लेकिन किसी को टारगेट करके फंसाने के लिए आप मारपीट करोगे? दहशत में लाओगे ये तो उचित नहीं है। लगातार ये कार्रवाई हो रही है। इसका मतलब है कि भाजपा सीधे नहीं लड़ पा रही, तो कैसे बदनाम किया जाए, इस वजह से ये हो रहा है, बस भ्रष्ट है, भ्रष्ट है कह रहे हैं। ये उसी सिद्धांत को मानते हैं कि एक झूठ को 100 बार बोले, तो सच महसूस होने लगता है। उन्होंने कहा कि हमारी नीतियों से प्रदेश का विकास हुआ है। अब जब किसान, मजदूर, गोपालक, वनोपज संग्राहक अन्नदाता हमसे प्रसन्न हैं, तो भाजपा के पेट में तकलीफ हो रही है। इसीलिए भ्रष्टाचार का आरोप लगा रहे हैं।
इनके भ्रष्टाचार-भ्रष्टाचार कह देने से थोड़े ही कुछ होगा। छत्तीसगढ़ की जनता देख रही है, इनके झांसे में नहीं आने वाली। स्काई वॉक केस दर्ज होते ही भाजपा नेता फड़फड़ाने लगे मुख्यमंत्री ने कहा, भाजपा के लोग इधर-उधर की बात कर रहे हैं। सवाल यह है कि स्पष्ट जवाब दें, जैसे ही स्काई वॉक का केस रजिस्टर हुआ, यह फड़फड़ाने लगे। उन्होंने कहा, इस तथ्य के बारे में बताना चाहूंगा, चुनाव 20 नवंबर 2018 को हुआ। ऐसी क्या आपात स्थिति आई थी कि 5 दिसंबर 2018 को परियोजना की लागत 28 करोड़ बढ़ाने का प्रस्ताव दे दिया जाता है। 11 दिसंबर को काउंटिंग हुई। भाजपा बुरी तरह से हार गई। उस दिन रमन सिंह भी इस्तीफा दे दिए थे, लेकिन मूणत कार्य करते रहे।
13 दिसंबर को फिर से प्रशासनिक स्वीकृति जारी कर दी गई, किसको लाभ दिलाने के लिए किया गया? शासकीय धन का दुरुपयोग हो रहा है। सवाल तो यह है, जब आप सत्ता में थे, जनादेश आपके खिलाफ चला गया। उसके बाद भी आपकी फाइल चलती रही, जवाब उनका देना चाहिए, जो नहीं दे रहे हैं। डेढ़ लाख करोड़ जनता को दिया मुख्यमंत्री ने कहा, सरकार में हमें 4 साल हुए हैं, इन 4 सालों में डेढ़ लाख करोड़ रुपए आम जनता के खाते में गया है। सरकार बटन दबाती है, उधर रुपए मजदूर, किसान, लघु वनोपज संग्राहक के पास चला जाता है। इसमें क्या भ्रष्टाचार हुआ। ये पैसा भाजपा के काल में भी मिल सकता था। नहीं मिला, तब ये भ्रष्टाचार में गया। एक ही पुल को तोड़कर बना रहे थे। सड़क उखाड़ रहे बना रहे थे। सब भ्रष्टाचार में गया।
हर दिन 10 किलोमीटर का टारगेट
कांग्रेस राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की तरह एक यात्रा प्रदेश में निकालने जा रही है। हाथ से हाथ जोड़ो नाम की ये यात्रा 26 जनवरी से शुरू होगी। इसे लेकर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा ने निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने इस पर कहा कि- हर ब्लॉक में पद यात्रा होगी। राहुल गांधी का, कांग्रेस का संदेश और सरकार जो काम कर रही है, वो सफलताएं लेकर हम पदयात्रा करेंगे। हर ब्लॉक में 10 किलाेमीटर यानी प्रदेश के 300 से अधिक ब्लॉक में प्रतिदिन कुल 3 हजार किलोमीटर की यात्रा होगी।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS