Raipur News: अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस अवसर पर आज श्रमवीरों का होगा सम्मान

हरिभूमि रायपुर समाचार: अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में सोमवार को दोपहर 12 बजे से श्रमिक सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। सम्मेलन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम के अध्यक्षता श्रम मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया करेंगे। इस मौके पर मुख्यमंत्री लगभग एक लाख श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत 47.12 करोड़ रुपए की राशि डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खातों में अंतरित करेंगे और आरंग तथा पाटन में श्रमिक सहायता केंद्र का शुभारंभ भी करेंगे।
साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित श्रमिक सम्मेलन में मुख्यमंत्री राजीव गांधी भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना के लाभार्थियों से संवाद भी करेंगे। सम्मेलन में श्रम विभाग द्वारा श्रमिक कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों का सम्मान भी किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर श्रमिकों के लिए चलाई जा रही योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इस मौके पर श्रमिकों के सम्मान में सामूहिक बोरे-बासी भोज का आयोजन होगा। गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ के विकास में श्रमिकों की महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप श्रमिक दिवस के दिन श्रम के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने प्रदेश में बोरे-बासी तिहार का भी आयोजन किया जा रहा है।
42.12 करोड़ की राशि अंतरण करेंगे
श्रमिक सम्मेलन में मुख्यमंत्री श्रम विभाग की हितग्राहीमूलक योजनाओं पर 47.12 करोड़ रुपए की राशि का बैंक खातों में अंतरण करेंगे। इनमें छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल अतर्गत 83086 हितग्राहियों को 22.76 करोड़ रुपए, असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक मंडल अंतर्गत 11542 हितग्राहियों को 20.83 करोड़ रुपए, श्रम कल्याण मंडल अंतर्गत 6457 हितग्राहियों को 3.09 करोड़ रुपए तथा कर्मचारी राज्य बीमा सेवाएं अंतर्गत 50 बीमित व्यक्ति को चिकित्सा हितलाभ राशि 44.55 लाख रुपए इस प्रकार कुल 101135 हितग्राहियों के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से 47.12 करोड़ रुपए की राशि अंतरण शामिल है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS