कानून व्यवस्था के सवाल पर बोले सीएम : क्या भाजपा छत्तीसगढ़ में भी यूपी जैसा ला एण्ड आर्डर चाहती है... मूणत बोले-यहां अब सभी अपराध कामन बात...

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कानून-व्यवस्था को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर है। इसी बीच भिलाई में साधुओं की पिटाई के मामले ने सियासी तूल पकड़ लिया है। ये घटना दो दिन पहले की है। अब भाजपा ने प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर कड़े आरोप लगाए हैं। विपक्ष के हमलों का जवाब शुक्रवार को सीएम भूपेश बघेल ने दिया। बस्तर दौरे पर रवाना होने से पहले सीएम ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि, प्रदेश में जितनी भी बड़ी घटनाएं घटीं, उनमें पुलिस को सफलता मिली है।
इतना ही नहीं सीएम ने कहा कि, अपराधी चाहे कोई भी हो बख्शा नहीं गया। उन्होंने सवाल किया कि, अब और कैसा लॉ एंड ऑर्डर चाहते हैं भाजपा वाले, यूपी के जैसा... जहां मंत्री का बेटा मार दे और कोई कार्रवाई भी न हो... क्या उसी प्रकार का लॉ एंड ऑर्डर चाहते हैं। भाजपा शासित प्रदेशों में तो आम जनता के लिए अलग और भजापा नेताओं के लिए कानून अलग है। ये छत्तीसगढ़ में नहीं चलेगा, यहां कानून का राज चलेगा।

सीएम बघेल के इतना बोलने के बाद भाजपा की तरफ से पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने जवाब दिया। श्री मूणत ने कहा - मुख्यमंत्री का अपना नजरिया है। मगर अब प्रदेश में आए दिन कहीं कट्टा चल रहा है तो कहीं चाकू। ये तो कॉमन बात हो गई। यहां तो अब मर्डर भी कॉमन घटना है, साधुओं पर हमले कॉमन हैं, गांजा-अफीम मिल रहा है ये भी कॉमन बात हो गई है। यूपी से तुलना कर रहे हैं, यहां कांग्रेसजनों को छत्तीसगढ़ की चिंता नहीं है।
डा. रमन पर सीएम की चुटकी
सीएम बघेल ने डॉ. रमन सिंह के उस बयान पर भी चुटकी ली, जिसमें डा. रमन ने कहा था कि, उन्हें राज्यपाल बनने या दिल्ली जाकर क्रेंद की राजनीति में सक्रिय होने का मन नहीं, वो छत्तीसगढ़ में ही रहकर यहां की सेवा करना चाहते हैं... श्री बघेल बोले- अच्छा है... अंगूर खट्टे हैं, लेकिन यहीं रहना चाहते हैं तो इसमें कोई बुराई नहीं है.. रहें।
भाजपा का प्रभारी बदलना... गोपनीय बैठकें करना... संदेहों को जन्म देता है
गुरुवार को दिनभर चली भाजपा की गंगरेल में बैठक को लेकर मुख्यमंत्री बोले- भाजपा के भीतर ही अविश्वास का वातावरण बन रहा है। मैंने तो सुना कि कुछ बड़े नेताओं को बुलाया ही नहीं गया। तो भाजपा के अंदर ही उनके बड़े नेताओं को इस बैठक से दूर रखा गया है। भाजपा में सब कुछ ठीक नहीं है, प्रभारी बदले हैं, अब गोपनीय बैठकें कर रहे हैं... तो ये बहुत सारे संदेहों को जन्म देने वाली बात है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS